देवघर खाद्य सुरक्षा विभाग ने खिजुरिया, कलकतिया धर्मशाला और रिखिया की 40 दुकानों पर छापेमारी कर 33 किलो मिलावटी व अमानक खाद्य सामग्री नष्ट कराई। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

 

राजकीय श्रावणी मेला 2026 के मद्देनजर श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सघन जांच अभियान चलाया। विभाग की टीम ने खिजुरिया, कलकतिया धर्मशाला और रिखिया क्षेत्र के होटल, भोजनालयों व ठेले-खोमचों समेत कुल 40 खाद्य प्रतिष्ठानों में अचानक छापेमारी की। जांच के दौरान मानक के अनुरूप न पाए जाने पर लगभग 33 किलोग्राम मिलावटी, अखाद्य रंग युक्त और असुरक्षित खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया।


खिजुरिया से कलकतिया धर्मशाला क्षेत्र

टीम ने खिजुरिया से कलकतिया धर्मशाला रोड में स्थित बाबा दरबार होटल, मिथिलांचल होटल, यादव होटल, कृष्णा यादव होटल, गणेश होटल, मंडल जी होटल और बाबा गुरुदेव शुद्ध भोजनालय सहित कुल 28 प्रतिष्ठानों पर ऑन-स्पॉट सैंपलिंग व जांच की। आयुष पीयूष होटल और कृष्णा यादव होटल से मिलावटी हल्दी जब्त कर नष्ट की गई।

कलकतिया धर्मशाला के पास स्थित यादव होटल से 1 किलो गुणवत्ताहीन पकौड़ा और बाबा गुरुदेव शुद्ध भोजनालय से 10 किलो बासी/अमानक रसगुल्ला फेंकवाया गया। सभी दुकानदारों को स्पष्ट रूप से रेट चार्ट प्रदर्शित करने और तय दरों पर ही बिक्री करने का सख्त निर्देश दिया गया।

रिखिया क्षेत्र में चला डंडा

रिखिया क्षेत्र के 12 होटल, नाश्ता दुकानों और ठेलों की जांच में कई गंभीर कमियां पाई गईं। मुरारी राऊत नाश्ता दुकान में अखाद्य (हानिकारक) रंग मिला 1 किलो घूघनी नष्ट कराई गई। माँ गायत्री स्वीट्स में  अमानक पकौड़ा नष्ट कराया गया। मनोज किराना स्टोर में 7 किलो असुरक्षित लड्डू नष्ट किया गया। बबलू तूरी होटल से 2 किलो खराब सब्जी जबकि बचन चाट स्टॉल से 10 किलो अमानक छोला नष्ट कराया गया।

लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी कारोबारियों को स्वच्छता व खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी है। अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि मेले के दौरान मिलावटखोरी, प्रतिबंधित अखाद्य रंगों के इस्तेमाल या बासी भोजन बेचने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और यह निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।

Deoghar Food Safety Inspection Shravani Mela 2026 Adulterated Food Destroyed

...........................................................................................

 

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822