देवघर श्रावणी मेले में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन! 68 किलो मिलावटी पेड़ा नष्ट कराया गया और भारी गंदगी मिलने पर इलायची फैक्ट्री का संचालन बंद कराया।

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

राजकीय श्रावणी मेला, 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर विभाग की टीम ने मंगलवार को लक्ष्मी चौक, शिवगंगा और आसपास के क्षेत्रों में पेड़ा भंडारों, भोजनालयों और स्ट्रीट फूड दुकानों में छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान 68.5 किलोग्राम मिलावटी पेड़ा और 11 किलोग्राम असुरक्षित छोला मौके पर ही नष्ट कराया गया।

 

इलायची फैक्ट्री में मिली भारी गंदगी, संचालन बंद कराने का आदेश

निरीक्षण के क्रम में संजीव बलियासे इलायची फैक्ट्री की जांच की गई, जहां अत्यधिक गंदगी और अस्वच्छ माहौल पाया गया। संचालक द्वारा वैध FSSAI लाइसेंस भी प्रस्तुत नहीं किया गया। खाद्य सुरक्षा मानकों के इस गंभीर उल्लंघन पर विभाग ने तत्काल प्रभाव से फैक्ट्री का संचालन बंद करने का आदेश दिया। साथ ही निर्देश दिया कि बिना FSSAI लाइसेंस, एग्जॉस्ट सिस्टम और स्वच्छता मानक पूरे किए काम दोबारा शुरू न किया जाए।

 

मिलावटी पेड़ा और केमिकलयुक्त खाने पर एक्शन

जांच टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिवम पेड़ा भंडार से 10 किलो, महादेव पेड़ा भंडार से 21 किलो, बाबा पेड़ा भंडार से 10 किलो, पंकज पोद्दार के यहां से 10.5 किलो और अजीत कुमार के यहां से 6 किलो स्टार्चयुक्त पेड़ा नष्ट कराया। इसके अलावा रितेश कुमार के प्रतिष्ठान पर छोले में प्रतिबंधित मेटानिल येलो (Metanil Yellow) रंग पाए जाने पर 8 किलो छोला और विशाल चाट बर्गर से 2 लीटर मिलावटी चटनी नष्ट कराई गई।

 

इसके अतिरिक्त महावीर पेड़ा भंडार से पेड़ा और खोया के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। वहीं, वैशाली होटल, गणेश मारवाड़ी भोजनालय, मां गंगा पवित्र भोजनालय और श्री विनायक पैलेस में स्वच्छता एवं मसालों-तेल की जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूरे मेले के दौरान यह अभियान अनवरत जारी रहेगा।

…………………………………………………………………………………..

 

Deoghar Food Safety Campaign, Shravani Mela 2026, Deoghar Adulterated Peda Destroyed, Deoghar Food Inspector Action, Shivganga Deoghar News, Kanchan Kranti News