देवघर श्रावणी मेले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए 56 किलो मिलावटी पेड़ा और 45 किलो एक्सपायरी घी नष्ट कराया। बिना लाइसेंस चल रही दुकानों को नोटिस जारी किया गया है।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन जांच अभियान चलाया है। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर गठित टीमों ने जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, ट्रांसपोर्ट एजेंसियों, पेड़ा विक्रेताओं और भोजनालयों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान न्यू पटना ट्रांसपोर्ट एजेंसी से नंदन ब्रांड का 45 किलोग्राम एक्सपायरी गाय घी जब्त कर तत्काल नष्ट कराया गया। विराज ट्रेडिंग से खोया और पेड़ा के दो विधिक नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए। इसके अलावा लगभग 500 किलोग्राम संदिग्ध 'कृष्णा ब्रांड' (प्रोपराइटरी फूड) पाए जाने पर संबंधित कंपनी को बाजार से उत्पाद वापस (रिकॉल) लेने का निर्देश दिया गया।
मिलावटी पेड़ा विक्रेताओं पर गाज
विभाग की टीम ने मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शिवम पेड़ा भंडार (बुधराम झा चौक) से 23 किलोग्राम, गंगा साह पेड़ा भंडार से 8 किलोग्राम और भागीरथ साह पेड़ा भंडार (एस.बी. राय रोड) से 25 किलोग्राम मिलावटी पेड़ा जब्त कर नष्ट कराया।
इसके साथ ही पप्पू जी पराठा, श्री राम पराठा, मां चंद्रिका पेड़ा भंडार और बाबा मंदिर के पूर्वी गेट के समीप स्थित प्रतिष्ठानों की जांच कर स्वच्छता व खाद्य मानकों के पालन के निर्देश दिए गए। बिना वैध लाइसेंस या पंजीकरण के दुकान चला रहे कारोबारियों को नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मेला अवधि में यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी।
.........................................................................................
Deoghar Food Safety Drive Shravani Mela 2026, Adulterated Peda Destroyed Deoghar, Expired Ghee Seized Deoghar, Deoghar Food Inspection News, Deoghar News, देवघर खाद्य सुरक्षा जांच, मिलावटी पेड़ा नष्ट देवघर
