देवघर के बैद्यनाथधाम स्टेशन के समीप स्थित एक होटल के प्रबंधक पर युवती ने छेड़खानी और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

 

नगर थाना क्षेत्र के बैद्यनाथधाम रेलवे स्टेशन के समीप स्थित एक होटल में काम करने वाली युवती ने होटल प्रबंधक पर छेड़खानी का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद सोमवार को पीड़िता ने नगर थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

 पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह पिछले कई महीनों से उक्त होटल में कार्यरत है। सोमवार को जब वह रोजाना की तरह काम पर पहुंची, तो दोपहर करीब 12 बजे होटल प्रबंधक ने उसे किसी जरूरी काम के सिलसिले में रजिस्टर और फाइल लेकर अपने कमरे में बुलाया। युवती को लगा कि हमेशा की तरह वहां अन्य कर्मचारी भी मौजूद होंगे, इसलिए वह अंदर चली गई।

 आरोप है कि कमरे में पहुंचने पर वहां कोई अन्य कर्मचारी नहीं था, केवल प्रबंधक अकेला था। प्रबंधक ने अकेले पाकर युवती के साथ छेड़खानी और गलत तरीके से छूने का प्रयास किया। जब युवती ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी प्रबंधक ने उसे नौकरी से निकालने और जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह खुद को बचाकर युवती कमरे से बाहर निकली और सीधे थाना पहुंचकर आपबीती सुनाई।

पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपी प्रबंधक द्वारा पूर्व में भी फोन पर आपत्तिजनक बातें करने का प्रयास किया गया था, जिसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग उसके पास मौजूद है और वह इसे जांच के लिए थाना प्रभारी को उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा, युवती ने होटल के कमरे के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की भी जांच करने की मांग की है, ताकि उसके अंदर आने और बाहर निकलने की गतिविधियां स्पष्ट रूप से सामने आ सकें।

 इधर, शिकायत मिलने के बाद नगर थाना पुलिस हरकत में आ गई है और पूरे मामले की गहराई से छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

..........................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822