देवघर के KKN स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास हुआ। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया व SP प्रवीण पुष्कर ने तैयारियों का निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए।

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर

 स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियों के तहत गुरुवार को स्थानीय केकेएन स्टेडियम में परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास (फुल ड्रेस रिहर्सल) संपन्न हुआ। इस दौरान उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर परेड की सलामी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पूर्वाभ्यास में जैप-5 के जवानों की टुकड़ी, महिला एवं पुरुष पुलिस बल, गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) के कैडेट्स तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की टुकड़ियों ने भाग लिया। सार्जेंट मेजर के नेतृत्व में सभी दस्तों ने अनुशासित ढंग से मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया।

तैयारियों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने परेड में शामिल सभी प्रतिभागियों को अनुशासित और पूरे उत्साह के साथ प्रदर्शन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर प्रस्तुत किए जाने वाले कार्यक्रमों में अनुशासन और समन्वय सर्वोपरि होना चाहिए, ताकि समारोह को गरिमापूर्ण और भव्य बनाया जा सके।

उपायुक्त ने बताया कि 15 अगस्त को मुख्य ध्वजारोहण समारोह के अतिरिक्त शाम को एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। इस सांस्कृतिक संध्या में झारखंड की समृद्ध कला-संस्कृति, क्षेत्रीय इतिहास और देश की स्वाधीनता गाथा पर आधारित प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, एनडीसी मुकेश कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

..........................................................................................

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822