देवघर में अवैध कारोबार के खिलाफ खबर लिखने वाले पत्रकार चंदन ठाकुर ने एसपी कार्यालय में निष्पक्ष जांच का आवेदन सौंपा है। आरोप है कि साज़िश के तहत झूठी प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
अवैध बालू उठाव और सूदखोरी के खिलाफ खबर लिखने वाले पत्रकार चंदन ठाकुर के खिलाफ कथित तौर पर फर्जी मुकदमा दर्ज कराने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित पत्रकार ने देवघर पुलिस अधीक्षक (एसपी) को आवेदन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।
पत्रकार चंदन ठाकुर का आरोप है कि पथरोल थाना क्षेत्र में सक्रिय अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार लिखने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। एसपी को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि क्षेत्र के हरिहर मंडल नामक व्यक्ति ने एक महिला को प्रलोभन देकर पथरोल थाने में (कांड संख्या 113/2026) झूठी प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसके अलावा, सच की आवाज दबाने की नीयत से उन पर अन्य मुकदमे भी थोपे गए हैं।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में इस गिरोह के खिलाफ डीजीपी झारखंड और शासन स्तर पर शिकायत की गई थी, जिससे बौखलाकर यह साजिश रची गई। पीड़ित ने आरोपी की पिछले पांच वर्षों में अर्जित की गई कथित बेनामी संपत्तियों की जांच ईओडब्ल्यू (EOW) से कराने और निष्पक्ष जांच अधिकारी (डीएसपी या उससे ऊपर के स्तर) से पूरे मामले की समीक्षा कराने की गुहार लगाई है।