सीसीटीवी, अग्निशमन यंत्र, वीवीपैट और बीयू हॉल की जांच की; निर्वाचन आयोग के मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
आगामी चुनावों की तैयारियों और निर्वाचन संबंधी महत्वपूर्ण उपकरणों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने देवघर के कल्याणपुर स्थित ईवीएम वेयर हाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत प्रबंधन और निर्वाचन उपकरणों के रखरखाव सहित विभिन्न आवश्यक बिंदुओं की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयर हाउस के वीवीपैट हॉल और बीयू (बैलेट यूनिट) हॉल का जायजा लिया। उन्होंने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, वेयर हाउस के मुख्य द्वार पर लगाए गए सील, वहां प्रतिनियुक्त सुरक्षा जवानों की तैनाती तथा विभिन्न कमरों और परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का अवलोकन किया। इसके अलावा अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता से संबंधित व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित सभी मानकों और दिशा-निर्देशों का पूरी तरह अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से अग्निशमन यंत्रों और फायर बॉक्स मशीनों की समय-समय पर जांच कराने तथा परिसर की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने विद्युत व्यवस्था सहित सुरक्षा से जुड़े सभी उपकरणों को दुरुस्त रखने और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी सागरी बराल, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, पुलिस पदाधिकारी तथा संबंधित विभागों के कर्मी उपस्थित थे।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822