देवघर के कुण्डा थाना क्षेत्र की चरकी पहाड़ी पर पुलिस ने छापेमारी कर 10.8 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से मोबाइल और नकदी भी बरामद हुई है।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।  

देवघर पुलिस को अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। कुण्डा थाना क्षेत्र के चरकी पहाड़ी स्थित एक अर्ध-निर्मित मकान और खंडहर में छापेमारी कर पुलिस ने तीन कुख्यात तस्करों को रंगे हाथों दबोच लिया। पुलिस ने उनके पास से 10.8 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन एंड्रॉइड मोबाइल और 9,270 रुपये नकद बरामद किए हैं।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

कुण्डा थाना को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अंचल अधिकारी देवघर और कुण्डा थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चरकी पहाड़ी के खंडहरनुमा मकान में घेराबंदी की, जहां कुछ लोग अवैध मादक पदार्थ के सेवन और खरीद-बिक्री के लिए एकत्र हुए थे। तलाशी के दौरान तीनों आरोपियों के पास से प्रतिबंधित ब्राउन शुगर और अन्य संदिग्ध सामग्रियां हाथ लगीं।

गिरफ्तार तस्करों का विवरण

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान अविनाश कुमार यादव उर्फ मधु (उम्र 22 वर्ष), पिता- परमेश्वर यादव, साकिन- भोड़ाजमुआ, थाना- कुण्डा, कन्हैया सिंह (उम्र 50 वर्ष), पिता- स्व. रामदेव सिंह, साकिन- शहीद आश्रम रोड करनीबाग, थाना- कुण्डा और महानंद यादव (उम्र 28 वर्ष), पिता- स्व. युगल किशोर यादव, साकिन- नावाडीह बैजनाथपुर कुरैवा, थाना- मोहनपुर के रूप में हुई। सभी देवघर जिला के रहनेवाले हैं।

इस मामले में कुण्डा थाना कांड संख्या- 124/26 (दिनांक 30.09.2026) के तहत एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act-1985) की धारा 21(b) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस छापामारी दल में अंचल अधिकारी अनिल कुमार, थाना प्रभारी प्रशांत कुमार सहित अन्य पुलिस बल के जवान शामिल रहे।

...........................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822