देवघर पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गूगल पे, फोनपे और पीएम किसान योजना के नाम पर ठगी करते थे। इनके पास से 19 मोबाइल और 13 सिम कार्ड मिले हैं।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
झारखंड के देवघर जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ 15 शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश और डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई है। आरोपी फ्लिपकार्ट, अमेज़ॅन पे, एयरटेल पेमेंट बैंक, गूगल पे, फोनपे और पीएम किसान योजना के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे।
गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना की टीम ने मारगोमुण्डा और पालाजोरी थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर इन अपराधियों को दबोचा। छापेमारी के दौरान इनके पास से कुल 19 मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। तकनीकी जांच में इनके नंबरों और IMEI की देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़ी संलिप्तता पाई गई है।
पुलिस की गिरफ्त में आए 15 आरोपियों की पहचान गफारूद्दीन अंसारी (33 वर्ष), सोनारायठाड़ी, देवघर , गुलफान अंसारी (20 वर्ष), सोनारायठाड़ी, देवघर , सईम अंसारी (22 वर्ष), मसलिया, दुमका , मिथुन अंसारी (31 वर्ष), पालाजोरी, देवघर , राजेश कुमार (29 वर्ष), पालाजोरी, देवघर, टीपू सुल्तान (33 वर्ष), पालाजोरी, देवघर , अब्दुला अंसारी (27 वर्ष), बिंदापाथर, जामताड़ा , इब्राहिम अंसारी (30 वर्ष), पालाजोरी, देवघर , सफाउद्दीन अंसारी (29 वर्ष), करौं, देवघर, रमेश कुमार मंडल (28 वर्ष), मारगोमुंडा, देवघर, रोहित कुमार मंडल (34 वर्ष), करौं, देवघर, प्रदुम कुमार (21 वर्ष), मारगोमुंडा, देवघर, विजय मंडल (20 वर्ष), मारगोमुंडा, देवघर, रंजीत मंडल (21 वर्ष), मारगोमुंडा, देवघर और चंदन मंडल (24 वर्ष), मनियाडीह, धनबाद के रूप में हुई है।
इनमें से कुछ आरोपियों जैसे मिथुन अंसारी, सईम अंसारी और रमेश कुमार मंडल का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है और वे पूर्व के मामलों में जेल जा चुके हैं। इस सफल छापेमारी अभियान में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक नागेंद्र कुमार मंडल, संतोष कुमार मंडल, मारगोमुंडा थाना प्रभारी शशि कपूर और पालाजोरी थाना प्रभारी संजय कुमार यादव अपनी टीमों के साथ शामिल रहे।
...........................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822