देवघर के मारगोमुण्डा में थाना प्रभारी पर घर में घुसकर मारपीट और मुर्गा लूटने का गंभीर आरोप। पुलिस से न्याय न मिलने पर पीड़िता सोनिया देवी ने कोर्ट में दायर की पीसीआर। पूरी खबर पढ़ें।
चंदन कुमार ठाकुर, मधुपुर (देवघर)।
खाकी के खौफनाक चेहरे और देवघर पुलिस की कथित संवेदनहीनता के खिलाफ आखिरकार एक पीड़ित दलित महिला को अदालत का दरवाजा खटखटाना ही पड़ा है। मारगोमुण्डा थाना प्रभारी शशि कपूर और एक पेट्रोल पंप मालिक समेत अन्य दबंगों की बर्बरता के मामले में जब जिला पुलिस प्रशासन ने चुप्पी साध ली, तब पीड़िता सोनिया देवी ने मधुपुर अनुमंडल न्यायालय में पीसीआर (प्राइवेट कम्प्लेइंट रिपोर्ट) दायर कर न्याय की गुहार लगाई है।
दरवाजा तोड़कर घर में घुसने और मारपीट का आरोपज्ञात हो कि 23 सितंबर 2026 की देर रात मारगोमुण्डा थाना प्रभारी शशि कपूर अपने मित्र व पेट्रोल पंप मालिक दिनेश मंडल और सशस्त्र पुलिस बल के साथ केराकुण्डी गांव निवासी सोनिया देवी (51 वर्ष) के घर में जबरन दरवाजा तोड़कर घुसे थे। आरोप है कि बकाया मजदूरी मांगने से नाराज पुलिस और दबंगों ने महिला को गालियां दीं, लात-घूंसों से पीटा, उनके कपड़े फाड़ दिए और जाते-जाते घर से दो देसी मुर्गे भी लूट ले गए।
पुलिस अधिकारियों पर मामले को दबाने का आरोप:
घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने देवघर पुलिस अधीक्षक (SP) को आवेदन देकर थाना प्रभारी समेत 7 नामजद आरोपियों पर SC/ST एक्ट और अन्य संगीन धाराओं में कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि, उच्चाधिकारियों और मधुपुर एसडीपीओ द्वारा मामले को ठंडे बस्ते में डालने तथा कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने से आहत पीड़िता ने अंततः न्यायपालिका का रुख किया।
नामजद आरोपियों पर शिकंजा:
न्यायालय में दायर पीसीआर में पीड़िता ने मारगोमुण्डा थाना प्रभारी शशि कपूर, पेट्रोल पंप मालिक दिनेश मंडल, शिवनाथ मंडल, सुभाष मंडल, विवेक दास, सुरेन्द्र हाँसदा और विकास टुडू को आरोपी बनाया है। परिवाद पत्र में SC/ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम, अवैध रूप से घर में प्रवेश (गृह-अतिक्रमण), महिला की लज्जा भंग करने, मारपीट और लूटपाट की गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
इस मामले में जब मारगोमुण्डा थाना प्रभारी से पक्ष जानने का प्रयास किया गया था, तो उन्होंने घटना से साफ इनकार किया था। वहीं, मधुपुर एसडीपीओ सत्येंद्र कुमार से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
..........................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822: