झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन की मां और शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का रांची में निधन। पिछले कुछ समय से थीं अस्वस्थ। राजनीतिक गलियारों और परिवार में शोक की लहर। पूरी खबर पढ़ें ।
कंचन क्रांति न्यूज, रांची।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और झारखंड आंदोलन के पुरोधा दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का बुधवार रात निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं और रांची के हिल व्यू अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। चिकित्सकों के अनुसार, बुधवार को उनकी स्थिति बिगड़ने पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा था, लेकिन रात करीब नौ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से सोरेन परिवार सहित पूरे राज्य में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लगातार अस्पताल पहुंचकर अपनी मां के स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे थे। इससे पहले उन्हें बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद भी ले जाया गया था, जहां स्वास्थ्य में सुधार के बाद वह रांची लौटी थीं।
दिशोम गुरु के संघर्ष की सहचरी:
रूपी सोरेन का जीवन केवल परिवार की गृहस्थी तक सीमित नहीं था। वह उस दौर की साक्षी और सहभागी थीं, जब शिबू सोरेन महाजनी प्रथा और सूदखोरी के खिलाफ आदिवासी समाज को संगठित कर रहे थे। आंदोलन के कारण शिबू सोरेन को लंबे समय तक घर से दूर, भूमिगत या जेल में रहना पड़ा। ऐसे कठिन समय में रूपी सोरेन ने सीमित संसाधनों के बीच घर-परिवार और बच्चों की पूरी जिम्मेदारी संभाली और शिबू सोरेन को आंदोलन के लिए निश्चिंत होकर आगे बढ़ने का आधार दिया। बड़े पुत्र दुर्गा सोरेन के असामयिक निधन का दुख झेलने के बावजूद वह हमेशा परिवार की धुरी बनी रहीं।
राष्ट्रपति भवन में ग्रहण किया था पद्म सम्मान:
4 अगस्त 2025 को पति शिबू सोरेन के निधन के बाद उन्हें गहरा आघात लगा था। उम्र बढ़ने के साथ उनकी शारीरिक परेशानियां भी बढ़ गई थीं। जून 2026 में जब शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया गया, तब अस्वस्थ होने और व्हीलचेयर पर होने के बावजूद रूपी सोरेन राष्ट्रपति भवन पहुंची थीं और अपने पति की ओर से यह प्रतिष्ठित सम्मान ग्रहण किया था। उनके जीवन का वह क्षण अत्यंत भावुक और यादगार रहा था। इसके अलावा, उन्होंने 1999 के लोकसभा चुनाव में दुमका सीट से झामुमो के टिकट पर चुनाव भी लड़ा था, जिसमें वह दूसरे स्थान पर रही थीं।
दिग्गजों ने जताया शोक:
रूपी सोरेन के निधन पर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।
..........................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822
।