देवघर नगर निगम क्षेत्र में कल से शुरू होगा होल्डिंग टैक्स संग्रह। जन सुविधा केंद्र के साथ-साथ वार्डों में डोर-टू-डोर वसूली की पूरी तैयारी। कंचन क्रांति न्यूज पर पढ़ें पूरी रिपोर्ट
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
देवघर नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों के लिए कर भुगतान की प्रक्रिया को सुगम, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा कल से विधिवत रूप से होल्डिंग टैक्स संग्रह की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। निगम द्वारा वित्तीय प्रबंधन को सुदृढ़ करने और नागरिकों को टैक्स जमा करने में किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए बहुस्तरीय व्यवस्था लागू की गई है।
जन सुविधा केंद्र में डिजिटल और ऑफलाइन भुगतान की सुविधा
शहरवासी अब अपनी सुविधा के अनुसार नगर निगम कार्यालय परिसर स्थित जन सुविधा केंद्र में जाकर अपना होल्डिंग टैक्स जमा कर सकते हैं। करदाताओं की सहूलियत के लिए केंद्र पर नकद (Cash) और चेक के साथ-साथ डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग जैसे डिजिटल भुगतान विकल्प भी उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे नागरिकों को लंबी कतारों और परेशानियों से मुक्ति मिल सके।
वार्ड स्तर पर डोर-टू-डोर अभियान
बुजुर्गों, कामकाजी नागरिकों और दूर-दराज के वार्डों में रहने वाले करदाताओं की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन ने वार्ड स्तर पर विशेष अभियान चलाने का भी निर्णय लिया है। नगर आयुक्त के दिशा-निर्देशानुसार, निगम के रेवेन्यू इंस्पेक्टर और टैक्स कलेक्टर सभी वार्डों में घर-घर (Door-to-Door) जाकर टैक्स कलेक्शन का कार्य करेंगे। फील्ड कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं ताकि वार्ड स्तर पर ही टैक्स का सत्यापन कर तुरंत रसीद दी जा सके और नागरिकों को कार्यालय के चक्कर न काटने पड़ें।
नागरिकों से अपील
नगर निगम प्रशासन ने देवघर के समस्त नगरवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और समय पर अपने बकाया एवं चालू वित्तीय वर्ष के होल्डिंग टैक्स का भुगतान सुनिश्चित कर शहर के विकास में अपनी सहभागिता निभाएं।
..........................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822