देवघर नगर निगम में 10 पदों पर होने वाली मार्शल-इन्फोर्सर भर्ती प्रक्रिया को वार्ड पार्षदों के भारी विरोध और तकनीकी कारणों से स्थगित कर दिया गया है। जानें पूरा मामला।
तरुण कुमार कंचन, देवघर।
देवघर नगर निगम क्षेत्र में शहरी नियमों का अनुपालन, अतिक्रमण हटाओ अभियान और कर वसूली जैसे कार्यों को सुचारू बनाने के लिए निकाली गई मार्शल-इन्फोर्सर (Marshal-Enforcer) के 10 पदों पर बहाली प्रक्रिया विवादों में घिर गई है। गुरुवार (20 अगस्त 2026) को राजा बगीचा (विलियम्स टाउन) स्थित नगर निगम कार्यालय में आयोजित होने वाले वॉक-इन-इंटरव्यू सह दस्तावेज सत्यापन को पार्षदों के जोरदार विरोध के बाद अचानक स्थगित कर दिया गया।
साक्षात्कार देने पहुंचे करीब दो दर्जन से अधिक अभ्यर्थियों को जब अचानक प्रक्रिया स्थगित होने की जानकारी मिली, तो वे बेहद मायूस होकर वापस लौट गए।
वार्ड पार्षदों का आरोप: बोर्ड को अंधेरे में रखकर लिया गया फैसला
सूत्रों के अनुसार, गुरुवार सुबह 11 बजे अचानक कई वार्ड पार्षद नगर निगम कार्यालय पहुंचे और इस नियुक्ति प्रक्रिया पर कड़ा ऐतराज जताया। पार्षदों का स्पष्ट कहना था कि जब तक किसी बहाली को निगम बोर्ड से पास नहीं कराया जाता, तब तक अधिकारियों द्वारा स्वविवेक से रिक्ति निकालना नियम के प्रतिकूल है।
मामले में वार्ड पार्षद सोनी केसरी ने निगम प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा, सुबह जानकारी मिली कि निगम में साक्षात्कार चल रहा है। देवघर में 36 वार्ड हैं, लेकिन इस भर्ती प्रक्रिया को लेकर किसी भी पार्षद की सहमति या हस्ताक्षर नहीं लिए गए। यहां तक कि उप मेयर टिप चटर्जी को भी अंधेरे में रखा गया। बिना जनप्रतिनिधियों की मंजूरी के फैसला लेना अधिकारियों की मानसिकता को दर्शाता है। भारी विरोध के बाद नगर आयुक्त ने प्रक्रिया स्थगित करने की बात कही।
अधिसूचना में बताया गया अधूरे दस्तावेज को वजह

एक तरफ जहां स्थानीय जनप्रतिनिधि इसे अपने विरोध का नतीजा बता रहे हैं, वहीं नगर निगम की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना में स्थगन का कारण अलग ही दर्शाया गया है।
नगर आयुक्त द्वारा जारी अधिसूचना (ज्ञापांक संख्या: 1761, दिनांक: 20/08/2026) के अनुसार, 20 अगस्त को आयोजित दस्तावेज सत्यापन के दौरान पाया गया कि अभ्यर्थियों द्वारा जमा किए गए कागजात निर्धारित अहर्ता (योग्यता) के अनुरूप अधूरे थे। इसी आधार पर पूरी भर्ती एवं साक्षात्कार प्रक्रिया को अगले आदेश तक के लिए स्थगित किया गया है।
भर्ती से जुड़ी मुख्य बातेंपद का नाम : मार्शल-इन्फोर्सर (Marshal-Enforcer)
कुल पद: 10
पूर्व निर्धारित तिथि : 20 अगस्त 2026
वर्तमान स्थिति: अगले आदेश तक स्थगित
जारीकर्ता: नगर आयुक्त, देवघर नगर निगम
नगर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि साक्षात्कार व दस्तावेज सत्यापन की नई तिथि के संबंध में आगे अलग से सार्वजनिक सूचना जारी की जाएगी।


..............................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822