देवघर श्रावणी मेले में शिवगंगा के पास कुएं में गिरे बिहार के बोधगया निवासी श्रद्धालु को एनडीआरएफ की टीम ने 10 मिनट के भीतर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

 

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

 राजकीय श्रावणी मेले के दौरान राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम ने एक त्वरित और सफल बचाव अभियान चलाकर 'बोल बम' श्रद्धालु की जान बचा ली। शिवगंगा तालाब के समीप स्थित भट्टर धर्मशाला के एक गहरे कुएं में गिरे 28 वर्षीय युवक को एनडीआरएफ ने महज 10 मिनट के भीतर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

 

10 मिनट में पूरा हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना मंगलवार दोपहर लगभग 1:30 बजे की है। स्थानीय लोगों ने एक पुरुष श्रद्धालु को भट्टर धर्मशाला परिसर में मौजूद कुएं में गिरते देखा और तुरंत इसकी सूचना मेला कंट्रोल रूम को दी। कंट्रोल रूम से दोपहर 1:35 बजे जानकारी मिलते ही शिवगंगा पर तैनात एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर अशोक कुमार के नेतृत्व में टीम तत्काल रवाना हुई।

 

टीम दोपहर 1:40 बजे मौके पर पहुंची और बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू किया। एक जवान रस्सी और कैराबिनर के सहारे कुएं में उतरा और पीड़ित को सुरक्षित बांधा। इसके बाद अन्य जवानों ने आधुनिक उपकरणों की मदद से दोपहर 1:45 बजे उसे बाहर निकाल लिया।

 

बोधगया का रहने वाला है श्रद्धालु

कुएं से सुरक्षित निकाले गए श्रद्धालु की पहचान बिहार के गया जिले के बोधगया निवासी योगेंद्र चौधरी (28 वर्ष), पिता विलास चौधरी के रूप में हुई है। बाहर निकालते ही एनडीआरएफ की मेडिकल टीम ने उन्हें प्राथमिक चिकित्सा (PHT) दी। इसके बाद उन्हें पुलिस ओपी संख्या 06 के सुपुर्द किया गया, जहां से आगे के इलाज के लिए उन्हें मेडिकल कैंप भेजा गया। फिलहाल श्रद्धालु की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

 

..............................................................................

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822