देवघर संप्रेक्षण गृह और वृद्धा आश्रम में एसीजीएम आनंदा सिंह और लीगल एड काउंसिल की मौजूदगी में धूमधाम से मनाई गई दिवाली। बालिकाओं ने रंगोली और प्रतियोगिताओं में लिया हिस्सा, बुजुर्गों के साथ बांटी गई मिठाइयां और दीप।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

प्रकाश पर्व दीपावली के अवसर पर देवघर में मानवता और सामाजिक संवेदना की एक अनूठी तस्वीर देखने को मिली। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DALSA) और संप्रेक्षण गृह के अधिकारियों ने अपनी व्यस्तचर्या से समय निकालकर देवघर संप्रेक्षण गृह की बालिकाओं और वृद्धा आश्रम के बुजुर्गों के साथ दिवाली का पर्व बेहद उत्साह और स्नेह के साथ मनाया। इस दौरान बालिकाओं के चेहरों पर जो मुस्कान बिखरी, उसने इस दीपोत्सव को और भी खास बना दिया।

संप्रेक्षण गृह की बालिकाओं ने बनाई रंगोली, कला और निबंध प्रतियोगिता में दिखाया हुनर

कार्यक्रम की शुरुआत देवघर संप्रेक्षण गृह से हुई। यहाँ संप्रेक्षण गृह के प्रभारी सचिव सह एसीजीएम देवघर श्री आनंदा सिंह, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल सज्जन कुमार मिश्रा के साथ लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अन्य सदस्य, डालसा और संप्रेक्षण गृह के कर्मचारियों कार्यक्रम किया गया। संप्रेक्षण गृह की बालिकाओं ने अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके साथ मिलकर प्रांगण में सुंदर रंगोली सजाई। इस अवसर पर बालिकाओं की प्रतिभा को निखारने के लिए ड्राइंग और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर इन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और अपनी कला एवं लेखन कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने बच्चियों का उत्साहवर्धन किया। इसके पश्चात सभी बालिकाओं के बीच मिठाइयां और उपहार वितरित किए गए। संप्रेक्षण गृह को सजाया गया।

बुजुर्गों के साथ आतिशबाजी कर बांटीं मिठाइयां

संप्रेक्षण गृह के बाद अधिकारियों का कारवां देवघर के स्थानीय वृद्धा आश्रम पहुंचा। यहाँ वृद्धा आश्रम में रह रहे वृद्ध जनों के साथ दिवाली की खुशियाँ साझा की गईं। अधिकारियों और स्वयंसेवकों ने बुजुर्गों को दिवाली की मिठाइयां भेंट कीं और उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान आश्रम परिसर को बिजली की रंग-बिरंगी सजावटी बत्तियों (लाइटिंग) से जगमगाया गया। बुजुर्गों के साथ आतिशबाजी कर उनके जीवन में भी उजाला और अपनापन घोलने का प्रयास किया गया। इस संवेदनशील पहल से वृद्धा आश्रम के बुजुर्गों का दिल गदगद हो उठा।

इस संपूर्ण कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डालसा श्री कौशल किशोर झा का विशेष योदगान और निर्देशन रहा। इस अवसर पर संध्या सात बजे के करीब  देवघर के थाना प्रभारी, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल के साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पारा लीगल वॉलेंटियर (PLV) भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने मिलकर यह संदेश दिया कि समाज के इन विशेष अंगों (बालिकाओं और बुजुर्गों) को त्योहारों के समय अकेलापन महसूस न हो, बल्कि वे भी समाज की मुख्यधारा की खुशियों का अहम हिस्सा बनें।

………………………………………………………………………………………..

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office  - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822