देवघर के पथरौल थाना क्षेत्र में कुएं के पास प्रदीप शर्मा का संदिग्ध शव मिला। परिजनों ने शरीर पर चोट और झुलसने के निशान देखकर हत्या का आरोप लगाया और एसपी से न्याय की मांग की।
कंचन क्रांति न्यूज, मधुपुर (देवघर)।
जिले के पथरौल थाना क्षेत्र में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान प्रदीप शर्मा के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। घटना से आक्रोशित और स्तब्ध परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, प्रदीप शर्मा का शव गांव के ही एक टोले में रोहित तूरी के घर के समीप, कुएं के पास पड़ा मिला। मृतक के भाई सिंटू शर्मा ने बताया कि दोपहर लगभग 1 से 1:30 बजे के बीच उन्हें प्रदीप का शव मिलने की सूचना मिली। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो प्रदीप बेसुध जमीन पर पड़े थे।
परिजनों का गंभीर आरोप है कि प्रदीप की गर्दन पर चोट के गहरे निशान हैं और उनकी पीठ पर किसी गर्म या ज्वलनशील पदार्थ से झुलसने के निशान दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पथरौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं, घटना के बाद से मृतक की पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित परिवार ने लिखित आवेदन देकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) से न्याय की गुहार लगाई है और मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और इसमें किसी आपराधिक साजिश के होने का खुलासा हो सकेगा।