देवघर के पिपरा उत्क्रमित उच्च विद्यालय में बदहाली! 700 बच्चों को 7 कमरों में ठूंसा जा रहा। ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी, पढ़ें पूरी खबर।


चंदन ठाकुर, मधुपुर (देवघर)।

डिजिटल इंडिया और सब पढ़े, सब बढ़े के सरकारी दावों की जमीनी हकीकत देखनी हो, तो देवघर जिले के मार्गोमुंडा प्रखंड स्थित राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पिपरा चले आइए। कागजों में हाईस्कूल का तमगा पाने वाले इस विद्यालय में बदहाली का आलम यह है कि सुविधाओं के अभाव में मासूमों की सांसें घुट रही हैं।

विद्यालय में कुल 1,282 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जिनमें से औसतन 700 से अधिक बच्चे रोजाना स्कूल आते हैं। हालांकि, पूरे परिसर में महज 11 कमरे उपलब्ध हैं। इनमें से 4 कमरे कार्यालय, किचन, कंप्यूटर सेंटर और लैब के रूप में इस्तेमाल हो रहे हैं। नतीजतन, पठन-पाठन के लिए केवल 7 कमरे ही बचते हैं। इसका असर यह है कि एक छोटे से कमरे में 100 से अधिक बच्चों को बैठना पड़ रहा है और एक बेंच पर 6 -7 बच्चे बैठने को मजबूर हैं।

 

गर्मी में घुटता है दम, मासूमों ने छलकाया दर्द

पढ़ने आने वाले बच्चों का कहना है कि भीषण गर्मी और कमरों में अत्यधिक भीड़ के कारण उनका दम घुटने लगता है। एक बेंच पर ठूंस-ठूंस कर बैठने से सांस लेना भी मुश्किल हो जाता है।


प्रधानाध्यापक का बयान - मामले पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक शहाबुद्दीन अंसारी ने स्वीकार किया कि बच्चों की संख्या के अनुपात में संसाधनों की भारी कमी है। उन्होंने कहा, विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया गया है और अतिरिक्त कमरों का आश्वासन मिला है। जल्द व्यवस्था सुधारने के प्रयास जारी हैं।

आंदोलन की चेतावनी

विद्यालय की इस बदहाली को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) और प्रशासन ने जल्द अतिरिक्त वर्ग कक्षों का निर्माण शुरू नहीं कराया, तो छात्र और अभिभावक मिलकर सड़कों पर उतरने और आर-पार का आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

..............................................................................................

Pipra High School Deoghar, Margomunda Deoghar News, Deoghar School News, Jharkhand Education System, Kanchan Kranti News, Madhupur News, Deoghar DEO