Deoghar News Saras Kunj Special Children Free Helicopter Ride Shravani Mela

देवघर में श्रावणी मेले के दौरान 'सरस कुंज' के 25 दिव्यांग बच्चों को मुफ्त हेलीकॉप्टर यात्रा कराई गई। आकाश से बाबाधाम का दृश्य देख बच्चों के चेहरे खिल उठे। पढ़ें पूरी खबर।

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

राजकीय श्रावणी मेले के अवसर पर देवघर में संचालित विशेष हेलीकॉप्टर सेवा के तहत गुरुवार को 'सरस कुंज' के दिव्यांग (स्पेशल) बच्चों को मुफ्त हवाई यात्रा कराई गई। जिला प्रशासन और झारखंड सरकार (नागर विमानन) के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में सुरक्षा के सभी मानकों का पालन करते हुए कुल 25 बच्चों को बारी-बारी से आसमान की सैर कराई गई।


उड़ान भरते ही खुशी से खिले बच्चों के चेहरे

जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित इस हवाई यात्रा के दौरान उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। जैसे ही हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी, बच्चों के चेहरे उत्साह और खुशी से खिल उठे।

 

आकाश से बाबाधाम और देवघर शहर के मनोरम दृश्य को देखना इन बच्चों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव रहा। हवाई सफर पूरा करने के बाद बच्चों और संस्थान के प्रतिनिधियों ने इसे जीवन का सबसे खास पल बताया।


पर्यटन और सुलभता को बढ़ावा देने का उद्देश्य

राज्य सरकार द्वारा श्रावणी मेले में शुरू की गई इस हेलीकॉप्टर सेवा का मुख्य उद्देश्य वृद्ध, दिव्यांग श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को सुलभ तथा सुरक्षित दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराना है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि इस सेवा के माध्यम से जहां एक ओर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिले, वहीं समाज के हर वर्ग तक इसका लाभ पहुंचे।

 

कार्यक्रम के दौरान अंचलाधिकारी अनिल कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, सरस कुंज के प्रतिनिधि, संबंधित दंडाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित थे।

...........................................................................................

 

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822