देवघर राजकीय श्रावणी मेला 2026: शिवगंगा सरोवर में वाटर प्रोजेक्शन लेजर शो के जरिए जीवंत हो रहा बाबा मंदिर का इतिहास। शाम ढलते ही जुट रही श्रद्धालुओं की भीड़।

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
राजकीय श्रावणी मेला, 2026 में बाबा धाम पहुंचने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं के लिए इस बार कई आधुनिक आकर्षण जोड़े गए हैं। तकनीक और धर्म के इस अद्भुत संगम के तहत शिवगंगा सरोवर और जालसार पार्क तालाब में आयोजित किया जा रहा 'वाटर प्रोजेक्शन लेजर शो' श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

संध्या बेला में आयोजित होने वाले इस अलौकिक शो में लेजर और वाटर स्क्रीन प्रोजेक्टर के माध्यम से बाबा मंदिर के पौराणिक इतिहास, द्वादश ज्योतिर्लिंग की कथा, रावण द्वारा शिवलिंग स्थापना और देवघर की महत्ता को बेहद भव्य रूप से दर्शाया जा रहा है। शाम ढलते ही शिवगंगा सरोवर का जल रंग-बिरंगी रोशनियों और धार्मिक संगीत से सराबोर हो उठता है, जिसे देखने के लिए सरोवर के तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट रही है।
मेला प्रशासन के अनुसार, श्रद्धालुओं को भक्तिमय माहौल के साथ एक अविस्मरणीय अनुभूति प्रदान करने के उद्देश्य से मेला क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा इस प्रकार के डिजिटल व लेजर शो का आयोजन किया गया है। बाबाधाम आने वाले श्रद्धालु इस आधुनिक प्रस्तुति की प्रशंसा कर रहे हैं।
...................................................................................
Deoghar Laser Show, Shivganga Laser Show, Shravani Mela 2026, Baba Baidyanath Dham History, Jalsar Park Deoghar, Deoghar Water Screen Projection, Kanchan Kranti News

