देवघर श्रावणी मेला 2026 के लिए मुख्य सचिव अविनाश कुमार पहुंचे। कांवड़ियों की पवित्रता और धार्मिक भावनाओं के मद्देनजर 30 जुलाई से 28 अगस्त तक देवघर शहर और कांवड़िया पथ पर मांस-मछली और अंडे की बिक्री पर रोक लगा दी गई है।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों और विधि-व्यवस्था का जायजा लेने के लिए झारखंड के मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार सोमवार (27 जुलाई 2026) को देवघर पहुंचे। उनके देवघर आगमन पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक श्री प्रवीण पुष्कर एवं उप विकास आयुक्त श्री पीयूष सिन्हा ने शिष्टाचार मुलाकात कर बुके (पुष्पगुच्छ) भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान जिला स्तर के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

कांवड़ियों की धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए फैसला
मुलाकात और तैयारियों के जायजे के दौरान उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और कांवड़िये अत्यधिक श्रद्धा, पवित्रता और सात्विक भाव के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना के लिए आते हैं।
श्रावणी मेला की सदियों पुरानी संस्कृति, परंपरा और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए श्रावण माह में देवघर शहर में मांस, मछली, मुर्गा एवं अंडे आदि की बिक्री पर रोक लगाना आवश्यक है, ताकि किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों और शहर में शांति व विधि-व्यवस्था बनी रहे।
30 जुलाई से 28 अगस्त तक लागू रहेगा प्रतिबंध (धारा 163)
धार्मिक पवित्रता और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी-सह-अनुमंडल दण्डाधिकारी, देवघर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए बड़ा आदेश जारी किया है।
आदेश के अनुसार, देवघर शहरी क्षेत्र सहित पूरे कांवड़िया मार्ग में दिनांक 30 जुलाई 2026 से 28 अगस्त 2026 तक मांस, मछली, मुर्गा और अंडे की बिक्री एवं दुकानों के संचालन पर पूर्णतः रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और इसका उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

.........................................................................................
Deoghar Shravani Mela 2026, Meat Ban Deoghar, Chief Secretary Avinash Kumar Deoghar Visit, Deoghar News, Section 163 Deoghar, Baba Baidyanath Dham News
