पूर्व रेलवे द्वारा सियालदह में “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” विषय पर सतर्कता जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। महाप्रबंधक गीतिका पांडेय और अन्य गणमान्य अधिकारियों की उपस्थिति में हुए इस आयोजन की पूरी खबर पढ़ें।
कंचन क्रांति न्यूज, कोलकाता।
पूर्व रेलवे के सतर्कता विभाग द्वारा निवारक सतर्कता अभियान के तहत आज, दिनांक 23 सितंबर, 2026 को सियालदह स्थित बी. सी. रॉय सभागार में “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” (Probity for Prosperity) विषयवस्तु पर सतर्कता जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक श्रीमती गीतिका पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ अपर महाप्रबंधक, पूर्व रेलवे, प्रधान विभागाध्यक्ष, मंडल रेल प्रबंधक/सियालदह तथा मंडल रेल प्रबंधक/हावड़ा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ सतर्कता अधिकारियों के साथ-साथ पूर्वोत्तर रेलवे, मेट्रो रेलवे, दक्षिण पूर्व रेलवे तथा विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के मुख्य सतर्कता अधिकारियों (CVOs) के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
सभा को संबोधित करते हुए श्रीमती गीतिका पांडेय ने कहा कि लोक सेवा में उत्कृष्टता के लिए ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सतर्कता को केवल प्रवर्तन तंत्र के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि इसे निवारक कार्रवाई, व्यवस्थागत सुदृढ़ीकरण तथा संभावित कमजोरियों को दूर करने के एक महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में देखा जाना चाहिए।
संगोष्ठी में विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित वक्ताओं ने अपने विचार साझा किए। बेलूर मठ के स्वामी वेदातीतानंद महाराज ने शासन में नैतिकता तथा लोक प्रशासन में मूल्यों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) के श्री धीरज खेत्रपाल ने भ्रष्टाचार की रोकथाम, जांच तथा अभियोजन की स्वीकृति से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। केंद्रीय सतर्कता आयोग के पूर्व निदेशक श्री राजीव वर्मा ने समकालीन सतर्कता कार्यप्रणालियों, सतर्कता ढांचे में हो रहे बदलावों तथा सीवीसी सतर्कता नियमावली में हालिया विकासक्रम पर संबोधित किया।
यह संगोष्ठी लोक सेवा में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सदाचार के प्रति प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ संपन्न हुई।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822