झारखंड के देवघर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी कस्टमर केयर और एपीके फाइल भेजकर ठगी करने वाले 5 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। जानें पूरी खबर
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
झारखंड के देवघर जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक देवघर, प्रवीण पुष्कर के निर्देशानुसार और पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में साइबर थाना और देवीपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर पाँच शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि देवघर जिला के देवीपुर थाना क्षेत्र में कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी सक्रिय हैं। ये अपराधी फ्लिपकार्ट (FLIPKART), अमेज़न पे (Amazon Pay), एयरटेल पेमेंट बैंक (Airtel Payment Bank), गूगल पर फोनपे कस्टमर केयर और पीएम किसान योजना के नाम पर आम जनता को चूना लगा रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और 5 आरोपियों को धर दबोचा। जांच में खुलासा हुआ है कि ये अपराधी फर्जी गूगल पे/ फोनपे /पेटीएम कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक का झांसा देकर ठगी करते हैं। पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान (RTO Challan) के नाम पर एपीके फाइल (APK File) भेजकर मोबाइल का रिमोट एक्सेस हासिल कर बैंक खाते को खाली कर देते हैं। इसी तरह फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी बनकर एयरटेल थैंक्स ऐप के जरिए कार्ड बंद होने का डर दिखाना और उसे पुनः चालू करने के नाम पर ठगी करना इन अपराधियों का काम है।
कुर्बान अंसारी (उम्र करीब 29 वर्ष) और इस्लाम अंसारी (उम्र करीब 34 वर्ष) दोनों सगे भाई हैं। इनके पिता- हारून मियां, साकिन- बदिया, थाना- करौं के रहनेवाले हैं। रूपेश कुमार मंडल (उम्र करीब 18 वर्ष), पिता- बलराम मंडल, साकिन- दार्वे, थाना- बुढ़ई, महेन्द्र मंडल (उम्र करीब 32 वर्ष), पिता- जगदीश मंडल, साकिन- दार्वे, थाना- बुढ़ई जबकि सुरेश कुमार (उम्र करीब 32 वर्ष), पिता- गिरजा मंडल, साकिन- दार्वे, थाना- बुढ़ई के रहनेवाले हैं। पुलिस ने इनके पास से 07 मोबाइल फोन और 06 सिम कार्ड बरामद किए हैं। तकनीकी जांच में पता चला है कि इनके मोबाइल नंबरों और IMEI नंबरों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की कई शिकायतें दर्ज हैं।
इनमें से कुछ अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। सुरेश मंडल देवघर साइबर थाना कांड संख्या 22/21 और इस्लाम अंसारी कांड संख्या 81/23 में पहले भी आरोपित रह चुके हैं। इस सफल छापेमारी अभियान में पुलिस निरीक्षक नागेन्द्र प्रसाद सिन्हा (साइबर थाना देवघर), पुअनि मनोरंजन महतो (थाना प्रभारी देवीपुर) एवं देवीपुर थाना की पूरी टीम शामिल थी।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822
।