राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तीसरी सोमवारी पर देवघर बाबा बैद्यनाथ मंदिर में उमड़ी भीड़। आईजी और उपायुक्त ने कंट्रोल रूम से सीसीटीवी व क्यू मॉनिटरिंग के जरिए सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
राजकीय श्रावणी मेला, 2026 की तीसरी सोमवारी के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ मंदिर और पूरे मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कांवरियों की सुरक्षा, सुलभ जलार्पण और कतार प्रबंधन (क्यू मॉनिटरिंग) को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में सोमवार को संथाल परगना के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) मयूर पटेल और देवघर के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने संयुक्त रूप से बाबा मंदिर स्थित मुख्य कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने कंट्रोल रूम में लगे आधुनिक सीसीटीवी कैमरों और वीडियो वॉल के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और रूट लाइनिंग की लाइव निगरानी की। आईजी मयूर पटेल और उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने रूट लाइनिंग के विभिन्न कतार बिंदुओं और मंदिर परिसर के आंतरिक व बाहरी क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही क्यू मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए इस बात की समीक्षा की गई कि श्रद्धालुओं की कतार निरंतर गतिमान रहे, ताकि किसी भी स्थान पर अनावश्यक भीड़ जमा न हो सके।

उपायुक्त ने आईएमसीआर (IMCR) और मंदिर कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों व तकनीकी टीम को निर्देश दिया कि वे मेला क्षेत्र के हर संवेदनशील पॉइंट पर कड़ी नजर रखें। यदि कहीं भी कतार की गति धीमी होती है या भीड़ बढ़ती है, तो तुरंत इसकी सूचना ऑन-ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस बल को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। इस निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा और अनुमंडल अधिकारी (एसडीओ) रवि कुमार भी मौजूद रहे।

..........................................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822