देवघर श्रावणी मेले में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई: जांच में 3 पेड़ा सैंपल फेल होने पर 42.5 किग्रा संदिग्ध पेड़ा नष्ट कराया गया और 3 दुकानों पर जुर्माना लगाया गया।

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने मेला क्षेत्र में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देशानुसार अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी की निगरानी में चलाए गए इस अभियान के तहत कई पेड़ा दुकानों, होटलों और भोजनालयों की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान 'मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब' के जरिए 45 पेड़ा सैंपल की त्वरित जांच की गई, जिनमें 3 सैंपल अमानक पाए गए। इसके बाद मौके पर ही 42.5 किलोग्राम संदिग्ध पेड़ा नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर 'गंगा साह पेड़ा भंडार', 'श्री गंगा साह पेड़ा भंडार' और 'शिव होटल एंड रेस्टोरेंट' पर 2,000 रुपये प्रति प्रतिष्ठान ऑन द स्पॉट जुर्माना लगाया गया।

जांच टीम ने विक्रेताओं को खोवा, पेड़ा और पनीर में स्टार्च की मिलावट जांचने के लिए आयोडीन टिंचर का नियमित उपयोग करने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई कि भविष्य में मिलावट पाए जाने पर लाइसेंस निरस्त करने समेत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि श्रावणी मेला अवधि तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार शर्मा, प्रकाश चन्द्र गुग्गी, शैलेश कुमार यादव, संजय कुमार, अंजली विना मिंज समेत पुलिस बल और अन्य कर्मी शामिल थे।

..........................................................................................

Deoghar News, Shravani Mela 2026, Food Safety Department, Peda Quality Test, Deoghar Food Raid, Mobile Food Testing Lab