राजकीय श्रावणी मेला की चौथी सोमवारी को लेकर देवघर DC और SP ने दंडाधिकारियों व पुलिस अधिकारियों को ब्रीफिंग दी। श्रद्धालुओं के सुलभ जलार्पण और सुरक्षा के दिए निर्देश।

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

 राजकीय श्रावणी मेला, 2026 की चौथी एवं अंतिम सोमवारी को लेकर देवघर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बीएड कॉलेज प्रांगण में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया एवं पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और जवानों को ब्रीफ किया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अत्यधिक भीड़ को देखते हुए पूरी सजगता, विनम्रता और सेवाभाव के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

 

कतारबद्ध जलार्पण और सुगम यातायात प्राथमिकता

उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि अंतिम सोमवारी के दिन कांवरियों की संख्या सर्वाधिक होती है। ऐसे में श्रद्धालुओं को बिना किसी रुकावट के सुगमतापूर्वक जलार्पण कराना ही सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को कतार में किसी प्रकार का गैप न बनने देने और श्रद्धालुओं के साथ शालीनता से पेश आने का निर्देश दिया।

 

वहीं, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने भीड़ और ट्रैफिक प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने बताया कि सभी ओपी (OP) और यातायात ओपी के प्रभारी डीएसपी स्तर के अधिकारी होंगे, ताकि किसी भी क्षेत्र में अव्यवस्था न फैले। बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना और अनुमंडल अधिकारी रवि कुमार समेत सभी वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

  

...........................................................................................

 

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822