देवघर श्रावणी मेला 2026 की दूसरी सोमवारी पर 3.69 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण किया। जानिए भीड़ के आंकड़े और अनोखी विल्वपत्र प्रदर्शनी की पूरी रिपोर्ट।

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर

राजकीय श्रावणी मेला 2026 के 12वें दिन और दूसरी सोमवारी के पावन अवसर पर बाबा नगरी देवघर में शिवभक्तों का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। अहले सुबह 04:12 बजे मंदिर के कपाट खुलते ही जलार्पण की प्रक्रिया शुरू हो गई, जो अनवरत जारी है। पूरी बाबा नगरी केसरिया वस्त्रधारी कांवड़ियों और 'हर-हर महादेव' तथा 'बोल बम' के जयकारों से गुंजायमान हो उठी है।

 

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, शाम तक कुल 3,69,449 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। भीड़ के सुगम प्रबंधन के लिए व्यवस्था को दो भागों में बांटा गया था, जिसमें बाह्य अर्घा के माध्यम से 2,41,863 और आंतरिक अर्घा से 1,27,586 श्रद्धालुओं ने जल अर्पित किया।

 

सोमवारी को लेकर कांवड़ियों की कतार 6 से 7 किलोमीटर लंबी पहुंच गई। श्रद्धालु 5 से 6 घंटे अनुशासित ढंग से कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। जिला प्रशासन द्वारा 4 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन का अनुमान जताया गया था, जो देर रात तक पूरा होता दिख रहा है।

 

वर्षों पुरानी परंपरा: भव्य विल्वपत्र प्रदर्शनी

दूसरी सोमवारी के इस खास मौके पर बाबा मंदिर में वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए भव्य एवं अनोखी विल्वपत्र (बेलपत्र) प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मान्यता और परंपरा के अनुसार, इस विशेष दिन पर बाबा को अनोखे व दुर्लभ बेलपत्र अर्पित करने का विशेष महत्व है, जिसे देखने के लिए भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

 

जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुगम जलार्पण के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

-   विकास कुमार की रिपोर्ट

.........................................................................................

 

देवघर श्रावणी मेला 2026, दूसरी सोमवारी बाबा बैद्यनाथ, देवघर कांवड़ यात्रा, बेलपत्र प्रदर्शनी देवघर, बाबा मंदिर जलार्पण संख्या, देवघर समाचार