राजकीय श्रावणी मेला 2026 के अवसर पर देवघर के शिवलोक परिसर में जीवंत प्रदर्शनी का उद्घाटन DC सौरभ कुमार भुवानिया और SP प्रवीण पुष्कर ने किया। यहाँ अमरनाथ से उनाकोटि तक के दिव्य दर्शन होंगे। पढ़ें पूरी खबर।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
राजकीय श्रावणी मेला 2026 के अवसर पर बाबा नगरी आने वाले देवतुल्य श्रद्धालुओं की यात्रा को यादगार और भक्तिमय बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक अनूठी पहल की है। 30 जुलाई 2026 को देवघर के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से शिवलोक परिसर में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई जीवंत प्रदर्शनी का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया।
उद्घाटन के दौरान उपायुक्त ने प्रदर्शनी में उकेरी गई कलाकृतियों, बाबा बैद्यनाथ मंदिर के दिव्य प्रारूप, झारखंड के सांस्कृतिक स्वरूप और महादेव के विभिन्न रूपों की जीवंत झांकियों का अवलोकन करते हुए कलाकारों के कार्यों की सराहना की।

आस्था, अध्यात्म और संस्कृति का अनूठा संगम
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार के दिशा-निर्देश पर जिला प्रशासन का यह प्रयास है कि शिवलोक परिसर में श्रद्धालुओं को एक नई और सुखद अनुभूति मिले। यहाँ श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के लिए बाबा धाम के पौराणिक इतिहास से संबंधित प्रदर्शनी के साथ-साथ प्रतिदिन संध्या काल में भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस परिसर में झारखंड के प्रकृति पर्वों की महत्ता को दर्शाते हुए प्रकृति और भक्ति के जुड़ाव को सुंदरता से प्रस्तुत किया गया है।

एक ही स्थान पर होंगे देश के प्रमुख शिव धामों के दर्शन
शिवलोक परिसर के केंद्र में बाबा बैद्यनाथ मंदिर का भव्य व दिव्य प्रारूप स्थापित किया गया है। इसके अलावा परिसर में:
· बाबा बैद्यनाथ, माँ पार्वती और शक्तिपीठ (हृदयपीठ) की महिमा को प्रदर्शित किया गया है।
· अमरनाथ यात्रा, आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध श्री कालहस्ती मंदिर और त्रिपुरा-बांग्लादेश सीमा के समीप स्थित पौराणिक उनाकोटि शिव मंदिर की मनमोहक झांकियाँ सजाई गई हैं।
· श्री कालहस्ती मंदिर की भव्यता, भक्त कन्नप्पा की अनमोल भक्ति और वायुलिंगम की गाथा को बहुत ही सहज और सुंदर ढंग से दर्शाया गया है।
अधिकारियों की मौजूदगी
उपायुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षा, सुविधा और भक्तिमय वातावरण देना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त (DDC) पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल अधिकारी (SDO) रवि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
.........................................................................................................
शिवलोक परिसर देवघर, Deoghar Shivlok Parisar Exhibition, राजकीय श्रावणी मेला 2026, सौरभ कुमार भुवानिया उपायुक्त, Deoghar News Today, बाबा धाम शिवलोक प्रदर्शनी, प्रवीन पुष्कर एसपी देवघर, Jharkhand Tourism Deoghar

