सावन के दूसरे सोमवार और कांवड़ यात्रा को लेकर रायबरेली में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। 12 अगस्त की रात 8 बजे तक भारी वाहनों का रूट बदला रहेगा। पुलिस ड्रोन और सीसीटीवी से सुरक्षा पर नजर रखेगी।

रविशंकर सिंह, रायबरेली।

सावन के दूसरे सोमवार और कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जिले में भारी वाहनों के लिए ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया गया है। यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह डायवर्जन 12 अगस्त की रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान शहर से गुजरने वाले प्रमुख राजमार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

इन मार्गों पर लागू किया गया डायवर्जन

सुल्तानपुर, अमेठी, प्रतापगढ़ और जौनपुर मार्ग : रायबरेली के सारस होटल चौराहे से भारी वाहनों को फुरसतगंज-सुल्तानपुर रोड की ओर मोड़ा गया है।

कानपुर मार्ग : कानपुर नगर से रायबरेली की ओर आने वाले भारी वाहनों को लालगंज होते हुए येहार टोल प्लाजा से गंगा एक्सप्रेसवे की तरफ भेजा गया है।

अयोध्या व पूर्वांचल मार्ग : रायबरेली से अयोध्या जाने वाले भारी वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माध्यम से रवाना किया गया। वहीं, उन्नाव से आने वाले वाहनों को समोधा चौराहे से लालगंज बाईपास होकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जा रहा है।

फतेहपुर, कौशांबी व प्रतापगढ़ मार्ग : कानपुर नगर से फतेहपुर और कौशांबी जाने वाले वाहन सैनी ब्रिज पार कर ऊंचाहार होते हुए प्रतापगढ़ भेजे जा रहे हैं।

प्रतिबंधित मार्ग : समोधा से लालगंज, मुंशीगंज से डलमऊ और डलमऊ से बाराबंकी तक के कांवड़ मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया है।

सीसीटीवी और ड्रोन से रखी जा रही नजर

यातायात प्रभारी अरिमर्दन सिंह ने बताया कि हाईवे पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है और 12 अगस्त की रात 8 बजे तक डायवर्जन प्लान लागू रहेगा।

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह के अनुसार, सावन के दूसरे सोमवार पर शिव मंदिरों में जुटने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है।

..................................................................................................

रायबरेली ट्रैफिक डायवर्जन, कांवड़ यात्रा रूट, सावन दूसरा सोमवार, रायबरेली समाचार, भारी वाहन डायवर्जन, रायबरेली पुलिस रूट प्लान