देवघर के कास्टर टाउन स्थित श्री श्याम मंदिर में अखंड दीप प्रज्ज्वलन के साथ 69वां वार्षिक महोत्सव शुरू हुआ। कोलकाता के फूलों से सजे बाबा श्याम को छप्पन भोग और सवामणी का प्रसाद अर्पित किया गया।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
कास्टर टाउन स्थित श्री श्याम मंदिर में श्री श्याम कीर्तन मंडल का 69वां वार्षिक महोत्सव शनिवार रात अखंड दीप प्रज्ज्वलन के साथ अत्यंत धूमधाम और श्रद्धाभाव से शुरू हुआ। बाबा श्याम के 69 वर्षों से पूजित शीश रूपी विग्रह और पवित्र तस्वीर का कोलकाता से मंगवाए गए विशेष फूलों से भव्य व नयनाभिराम शृंगार किया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
वार्षिक महोत्सव के तहत शनिवार रात 10 बजे बाबा श्याम को भव्य छप्पन भोग अर्पित किया गया। इसके बाद देर रात तक स्थानीय कलाकारों, सहयोगी संस्थाओं और अनन्य भक्तों ने एक से बढ़कर एक मीठे-मीठे भजनों की प्रस्तुति देकर बाबा को रिझाया। भजनों की गंगा में देर रात तक श्रद्धालु झूमते रहे।
आयोजन समिति ने बताया कि रविवार (20 सितंबर) प्रातः धोक पूजन कार्यक्रम संपन्न होगा। इसके बाद दोपहर लगभग 12:30 बजे बाबा को महाप्रसाद के रूप में खिचड़ी का भोग लगाया जाएगा। तत्पश्चात प्रभु श्री श्याम के अत्यंत प्रिय खीर और चूरमे की सवामणी का प्रसाद अर्पण किया जाएगा। रविवार देर रात पूर्णाहुति के साथ इस भव्य महोत्सव का समापन होगा।
महोत्सव को सफल बनाने में श्री श्याम कीर्तन मंडल के सभी सदस्यों समेत पूरे देवघर शहर से आए श्याम भक्त तन, मन और धन से जुटे हुए हैं।

रिपोर्ट विकास कुमार
..........................................................................
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822