देवघर के सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के खारबरिया में शादी के दो महीने बाद ही नवविवाहिता का शव पेड़ से लटका मिला। मायके वालों ने 2 लाख रुपये दहेज न देने पर ससुराल वालों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

देवघर जिले के सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत खारबरिया (भोडा जमुना टोला) गांव में दहेज प्रताड़ना के बाद एक नवविवाहिता का शव संदेहास्पद स्थिति में पेड़ से लटकता पाए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना अंतर्गत मधुकूपी (खरकचिया) निवासी मोबिन अंसारी की पुत्री अजीफा खातून के रूप में हुई है। मृतका की शादी महज दो महीने पूर्व ही मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी।

घटना के संबंध में मृतका के पिता ने सोनारायठाढ़ी थाना में लिखित आवेदन देकर पति, सास, ससुर और ननद पर दहेज के लिए बेटी की हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को पेड़ से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है।

शादी के एक सप्ताह बाद से ही ₹2 लाख दहेज के लिए प्रताड़ना

मृतका के पिता मोबिन अंसारी द्वारा थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, अजीफा की शादी दो माह पूर्व सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के खारबरिया निवासी फरीद अंसारी के साथ हुई थी। शादी के महज एक सप्ताह बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग - पति फरीद अंसारी (35 वर्ष), ससुर नूर मोहम्मद अंसारी (50 वर्ष), सास लैला बीवी (45 वर्ष) और ननद निशा बीवी (35 वर्ष) मिलकर ₹2 लाख अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे।

पीड़ित पिता ने बताया कि चार दिन पूर्व बेटी और दामाद उनके गांव मधुकूपी आए थे। तब उन्होंने किसी तरह ₹50,000 का इंतजाम कर दामाद को दिए और समझा-बुझाकर बेटी को विदा किया था।

...और अगले दिन मिली मौत की खबर

आवेदन में पिता ने बताया कि 25 जुलाई की शाम करीब 7 बजे बेटी अजीफा का फोन आया था। उसने रोते हुए बताया था कि उसका पति, सास, ससुर और ननद मिलकर उसकी हत्या की योजना बना रहे हैं और उसने पिता से अविलंब आने की गुहार लगाई थी।

परिवार वाले वहां पहुंचने की तैयारी में ही थे कि 26 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे ससुराल पक्ष से फोन आया कि अजीफा ने फांसी लगा ली है। जब मायके वाले भागे-भागे खारबरिया पहुंचे, तो फरीद के घर के पीछे नीम के पेड़ पर अजीफा का शव लटकता हुआ मिला।

ससुराल वालों पर हत्या की प्राथमिकी, जांच में जुटी पुलिस

मृतका के पिता का आरोप है कि दहेज की पूरी रकम न मिलने के कारण ससुराल वालों ने मिलकर उनकी बेटी की हत्या कर दी और आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को नीम के पेड़ से लटका दिया।

पीड़ित परिवार ने सोनारायठाढ़ी थाना प्रभारी को आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

..........................................................................................

Deoghar News, Sonaraythadi Police Station, Deoghar Dowry Death, Madhukupi Bride Death Deoghar, Kharbaria Deoghar Crime, Godda Deoghar News