देवघर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल त्रिकुट पहाड़ पर बंदरों के झुंड ने 50 से अधिक श्रद्धालुओं पर हमला कर दिया। घायलों का मौके पर बने कैंप में इलाज जारी, परिसर में दहशत का माहौल।

  

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर। धर्म और आस्था की नगरी देवघर स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल त्रिकुट पहाड़ शनिवार को अचानक चीख-पुकार और अफरा-तफरी का केंद्र बन गया। सुहावने मौसम के बीच प्राकृतिक सुंदरता का लुत्फ उठाने पहुंचे श्रद्धालुओं पर बंदरों के एक बड़े झुंड ने हमला बोल दिया। इस हमले में करीब 50 पर्यटक नोचे जाने और दांतों से काटे जाने के कारण घायल हो गए। इस घटना से पूरे परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पर्यटक पहाड़ की वादियों में घूम रहे थे कि तभी खाने-पीने का सामान छीनने के चक्कर में बंदरों की टोली ने उन पर अचानक धावा बोल दिया। हमले में कई श्रद्धालुओं के हाथ, पैर और पीठ पर गहरे जख्म आए हैं। आनन-फानन में सभी घायलों को त्रिकुट पहाड़ पर ही स्थित स्वास्थ्य शिविर ले जाया गया, जहां तैनात मेडिकल टीम ने सभी का प्राथमिक उपचार किया और आवश्यक दवाएं दीं। फिलहाल सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

 

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की उठी मांग

पीड़ित पर्यटकों का कहना है कि त्रिकुट पर्वत पर बंदरों की संख्या अप्रत्याशित रूप से बढ़ गई है, जो अक्सर खाने के सामान के लिए हिंसक हो उठते हैं। श्रद्धालुओं ने प्रशासन से यहां वन्यजीव प्रबंधन और सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की मांग की है। वहीं, घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय कर्मियों ने पर्यटकों को बंदरों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और उन्हें अपने हाथों से खाने-पीने की वस्तुएं न देने की सख्त हिदायत दी है।

 

...........................................................................................

 

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822