धनबाद रेलवे यार्ड में खड़ी ट्रेनों के शौचालयों से स्टील के नल चुराते आउटसोर्सिंग सफाईकर्मी दुर्गा बांसफोड़ को RPF ने रंगे हाथ पकड़ा। नशे की लत के लिए करता था चोरी, पढ़ें पूरी खबर।
कंचनक्रांति ब्यूरो, धनबाद:
धनबाद रेलवे स्टेशन के यार्ड सह कोचिंग पिट में खड़ी ट्रेनों के शौचालयों से पीतल और स्टील के नल (ग्रेविटी कॉक) उड़ाने वाले एक शातिर चोर को आरपीएफ (RPF) ने रंगे हाथ दबोच लिया है। हैरत की बात यह है कि पकड़ा गया आरोपी कोई बाहरी तत्व नहीं, बल्कि रेलवे यार्ड में ही सफाई का काम करने वाली आउटसोर्सिंग एजेंसी का कर्मचारी है।
आरपीएफ ने आरोपी के पास से चोरी के 10 स्टील नल बरामद किए हैं। गिरफ्तार युवक की पहचान पुराना स्टेशन धोबिया तालाब निवासी दुर्गा बांसफोड़ के रूप में हुई है। वह धनबाद वाशिंग पिट में 'किंग सिक्योरिटी गार्ड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड' के तहत आउटसोर्सिंग स्टाफ के रूप में काम कर रहा था।
नशे की लत ने बनाया चोर, कबाड़ी दुकान पर भी छापा
आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय प्रकाश ने बताया कि बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दुर्गा बांसफोड़ को उस समय दबोचा गया, जब वह ट्रेनों के टॉयलेट से चोरी किए गए 10 स्टील नल लेकर भागने की फिराक में था।
आरोपी का कबूलनामा: आरपीएफ की पूछताछ में दुर्गा बांसफोड़ ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसने बताया कि वह वाशिंग पिट में सफाई का काम करता था। काम के दौरान जैसे ही मौका मिलता, वह ट्रेनों के शौचालय में घुसकर नल खोल लेता था। उसने स्वीकार किया कि वह इन नलों को रंगाटांड़ स्थित एक कबाड़ी दुकान में बेचता था। आरोपी ने बताया कि उसे नशे की लत है और नशे के लिए पैसे कम पड़ने पर उसने चोरी का यह रास्ता चुना।
आरोपी के बयान के आधार पर आरपीएफ टीम ने तत्काल रंगाटांड़ स्थित संबंधित कबाड़ी दुकान पर भी छापेमारी की। हालांकि, इस छापेमारी के दौरान दुकान से रेलवे की कोई अन्य संपत्ति बरामद नहीं हो सकी। आरपीएफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
.......................................................................................................................................
Keywords : धनबाद रेलवे यार्ड चोर, Dhanbad Railway Yard Theft, ट्रेनों से नल चोरी, Train Tap Theft Case, धनबाद आरपीएफ कार्रवाई, Dhanbad RPF Action, किंग सिक्योरिटी गार्ड सर्विस, King Security Guard Service Dhanbad, धनबाद वाशिंग पिट, Dhanbad Washing Pit News
