राजस्थान के धौलपुर में लोकदेवता हीरामन बाबा मंदिर के कुंड में बड़ा हादसा हो गया। सेल्फी लेते समय पानी में गिरे 23 वर्षीय भाई को बचाने के चक्कर में तीन बहनें भी कुंड में कूद गईं, जिससे चारों की डूबकर मौत हो गई।


धौलपुर । राजस्थान के धौलपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। रविवार सुबह आंगई थाना इलाके में स्थित धौंध बिरजा गांव के पास लोकदेवता हीरामन बाबा मंदिर परिसर में बने कुंड (तालाब) में डूबने से एक ही परिवार के चार सदस्यों एक भाई और उसकी तीन बहनों की दर्दनाक मौत हो गई। इस भीषण हादसे के बाद पूरे इलाके और गांव में मातम पसरा हुआ है।


मिली जानकारी के अनुसार, रक्षाबंधन पर्व के बाद पड़ने वाली दौज के अवसर पर आंगई थाना क्षेत्र के नथुआपुरा गांव निवासी एक परिवार के लोग धौंध बिरजा गांव के पास हीरामन बाबा मंदिर में दर्शन-पूजन करने पहुंचे थे। मंदिर परिसर में बहनें पूजा-अर्चना करने चली गईं, जबकि 23 वर्षीय युवक भोलू उर्फ रवि (पुत्र लायक सिंह) पास ही बने कुंड में नहाने चला गया।


बताया जा रहा है कि नहाते समय भोलू कुंड के किनारे खड़े होकर मोबाइल फोन से सेल्फी ले रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया।


जब बहनों की नजर भोलू पर पड़ी और उन्होंने उसे पानी में छटपटाते व डूबते देखा, तो बिना अपनी जान की परवाह किए भाई को बचाने के लिए वे एक-एक करके कुंड में कूद पड़ीं। हालांकि, कुंड में पानी काफी गहरा होने और तैरना न आने के कारण तीनों बहनें भी गहरे पानी में समा गईं और चारों की दम घुटने से मौत हो गई।


घटना की भनक लगते ही मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना मिलते ही आंगई थाना पुलिस और सरमथुरा थाना प्रभारी कृपाल सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।


कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने पहले तीनों बहनों के शवों को पानी से बाहर निकाला और कई घंटों के प्रयास के बाद युवक का शव भी बरामद कर लिया गया।


मृतकों की पहचान

इस हादसे में जान गंवाने वाले चारों मृतक आपस में भाई-बहन थे।


मनोरमा (उम्र 30 वर्ष) - पुत्री लायक सिंह गुर्जर (निवासी: मौहारी ताजपुर)


बोटो (उम्र 36 वर्ष) - पुत्री लायक सिंह (निवासी: रामरतन का पुरा)


निशा (उम्र 21 वर्ष) - पुत्री भवूती (निवासी: नथुआपुरा - चचेरी बहन)


भोलू उर्फ रवि (उम्र 23 वर्ष) - पुत्र लायक सिंह (निवासी: नथुआपुरा - भाई)


पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर सरमथुरा के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। परिजनों की मौजूदगी में शवों का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। रक्षाबंधन के ठीक बाद घटी इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में चूल्हा तक नहीं जला है।


Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822