सीएम योगी से सवाल पूछने वाली महिला पत्रकार दिव्या श्रीवास्तव को नौकरी से निकाले जाने और धमकी मिलने के मामले पर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने सरकार को घेरा। पढ़ें पूरी खबर।
रविशंकर सिंह, रायबरेली/लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से एक प्रेसवार्ता के दौरान महिला पत्रकार दिव्या श्रीवास्तव द्वारा सवाल पूछे जाने और उसके बाद उपजे विवाद पर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस पार्टी ने इस मामले को लेकर प्रदेश सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया है कि सवाल पूछने का खामियाजा महिला पत्रकार को अपनी नौकरी गंवाकर भुगतना पड़ा है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कड़े शब्दों में आरोप लगाया कि सवाल पूछने के बाद महिला पत्रकार दिव्या श्रीवास्तव को न सिर्फ अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ा, बल्कि भाजपा दफ्तर में उन्हें घेरकर धमकियां भी दी गईं। यहां तक कि उन पर बुलडोजर तक चलाने का खौफ पैदा किया गया। उन्होंने इसे लोकतंत्र की हत्या का सबसे बड़ा उदाहरण करार देते हुए कहा कि इससे 'डबल इंजन' सरकार का असली चेहरा एक बार फिर बेनकाब हो गया है।
अजय राय ने कहा कि सत्ता के मद में चूर भाजपा सरकार में हालात यह हैं कि यदि कोई पत्रकार सवाल पूछ ले, तो उसके पीछे खुफिया तंत्र (LIU) लगा दिया जाता है, उसका काम छीन लिया जाता है और उसकी सुरक्षा खतरे में डालकर उसे रोने पर मजबूर कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि हर मंच से किए जाने वाले 'सुशासन' के बड़े-बड़े दावों के पीछे की असलियत गहरी तानाशाही और सन्नाटा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यह घटना केवल एक अकेली पत्रकार पर हमला नहीं है, बल्कि यह सीधे तौर पर लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर प्रहार है। सरकार अपने खिलाफ उठने वाली हर निष्पक्ष आवाज को कुचलने पर आमादा है। कांग्रेस पार्टी पत्रकारों के खिलाफ हो रहे इस तरह के कृत्यों का पुरजोर विरोध करती है और पीड़ित पत्रकार दिव्या श्रीवास्तव के साथ पूरी दृढ़ता के साथ खड़ी है।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822