शांतिपूर्ण रहा बंद, बिष्टुपुर में पुलिस और समर्थकों के बीच मामूली नोकझोंक

डीडी हत्याकांड के विरोध में विधायक सरयू राय के आह्वान पर जमशेदपुर पूर्णतः बंद रहा। मानगो, साकची, बिष्टुपुर समेत कई इलाकों में स्वतःस्फूर्त दिखी बंदी। सरयू राय ने पुलिस-अपराधी सांठगांठ पर उठाए सवाल।

कंचनक्रांति ब्यूरो, जमशेदपुर।

शहर के चर्चित डीडी हत्याकांड के विरोध में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के आह्वान पर शुक्रवार को आयोजित 'जमशेदपुर बंद' पूर्णतः सफल और प्रभावी रहा। बंद के दौरान पूरे शहर में स्वतःस्फूर्त असर देखा गया। व्यापारिक संगठनों और आम दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। कुछ इलाकों में पेट्रोल पंपों के शटर भी गिरे रहे। इक्का-दुक्का वाहनों की आवाजाही को छोड़ दें, तो शहर की रफ्तार पूरी तरह थमी नजर आई। राहत की बात यह रही कि कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

बाइक पर निकले विधायक सरयू राय, मानगो में खुद संभाली कमान

सुबह साढ़े 8 बजे विधायक सरयू राय खुद अपने बिष्टुपुर स्थित आवास से समर्थकों के साथ बाइक पर सवार होकर निकले। दर्जनों बाइक सवारों के काफिले के साथ उन्होंने पूरे मानगो क्षेत्र का भ्रमण किया और जनता का आभार जताया।

बिष्टुपुर में पुलिस से तीखी बहस

बंद के दौरान बिष्टुपुर के एलआईसी बिल्डिंग के पास उस समय स्थिति थोड़ी तनावपूर्ण हो गई, जब बंद समर्थकों और पुलिस बल के बीच हल्की नोकझोंक हुई। पुलिस समर्थकों को आगे बढ़ने से रोक रही थी, जिससे दोनों पक्षों में बहस हो गई। हालांकि, कुछ ही देर बाद मामला शांत हुआ और समर्थक आगे बढ़ गए। बिष्टुपुर मेन रोड, खाऊ गली और रीगल चौराहा पर बंद का गहरा असर दिखाइलाकावार बंद का असर और मुख्य रणनीतिकार

सोनारी: सोनारी वेस्ट लेआउट, कागलनगर, राम मंदिर चौक और गुदड़ी बाजार तक दुकानें पूरी तरह बंद रहीं। इसे सफल बनाने में मुकुल मिश्रा, विनोद सिंह, बाबू सिंह सरदार और रवि ठाकुर सहित अन्य ने अथक प्रयास किया।

कदमा: भाटिया बस्ती, उलियान और शास्त्रीनगर में समर्थकों ने घूम-घूम कर व्यापारियों से समर्थन मांगा। मुख्य रूप से तारक मुखर्जी, मुन्ना सिंह, मनोज सिंह और दिनेश सिंह सक्रिय रहे।

मानगो:डिमना चौक, पारडीह और चेपा पुल जैसे मुख्य चौराहों पर सन्नाटा पसरा रहा। पप्पू सिंह, नीरज सिंह, धर्मेंद्र प्रसाद और कुलविंदर सिंह पन्नू की टीम सुबह से डटी रही।

साकची: साकची बाजार, झंडा चौक और जुबिली पार्क गेट पूरी तरह ठप रहे। बंद को प्रभावी बनाने में विवेक पांडेय, राधेश्याम पांडेय, भगवती शरण तिवारी और सुधीर कुमार की प्रमुख भूमिका रही।

बिष्टुपुर: सुबोध श्रीवास्तव, अजय कुमार, सुरंजन राय और संजय तिवारी के नेतृत्व में समर्थकों ने बंद को पूरी तरह सफल बनाया।

अपराधियों और थानों में है सांठगांठ, नए कप्तान से उम्मीद : सरयू राय

बंद की अभूतपूर्व सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक सरयू राय ने कहा कि यह बंदी राजनीतिक नहीं, बल्कि आम जनता की स्वतःस्फूर्त हुंकार थी। जनता ने यह साबित कर दिया कि वे शहर में बढ़ते अपराध के खिलाफ हैं।

जमशेदपुर में लंबे समय से अपराध की संस्कृति फल-फूल रही है। मनबढ़ अपराधियों को लगता है कि पुलिस उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती, क्योंकि उनकी थानों से सांठगांठ है। अब जिले में नए पुलिस कप्तान (एसएसपी) आए हैं। देखना होगा कि वे इस बिगड़ती कानून व्यवस्था को कैसे सुव्यवस्थित करते हैं।

सरयू राय, विधायक, जमशेदपुर पश्चिम

....................................................

Keywords - जमशेदपुर बंद, सरयू राय, डीडी हत्याकांड, जमशेदपुर पश्चिम विधायक, बिष्टुपुर पुलिस नोकझोंक, जमशेदपुर अपराध, Jamshedpur Bandh, Saryu Roy, DD Murder Case, Jamshedpur Crime.।