आसनसोल रेल मंडल के डीआरएम संग्रह मौर्य ने न्यू मधुपुर स्टेशन और मधुपुर-गिरिडीह बाईपास रेल लाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा - निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा से समझौता बर्दाश्त नहीं होगा।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
आसनसोल रेल मंडल के डीआरएम संग्रह मौर्य बुधवार को अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय टीम के साथ विशेष सैलून से मधुपुर पहुंचे। उन्होंने यहाँ निर्माणाधीन न्यू मधुपुर स्टेशन भवन सहित मधुपुर-गिरिडीह बाईपास रेल लाइन के विभिन्न निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम संग्रह मौर्य ने न्यू मधुपुर स्टेशन में चल रहे टिकट घर, प्रतीक्षालय, केबिन, पैदल ऊपरी पुल (फुट ओवरब्रिज), प्लेटफॉर्म तथा यात्रियों की अन्य सुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित प्रोजेक्ट अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता किए बिना तय समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।
गुणवत्ता और सुरक्षा पर विशेष जोर
डीआरएम ने दो टूक शब्दों में कहा कि यात्री सुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्माणाधीन स्टेशन भवन के सभी कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। इसके बाद डीआरएम ने मधुपुर-गिरिडीह बाईपास रेल ट्रैक का भी निरीक्षण किया। रेल लाइन निर्माण की समीक्षा करते हुए उन्होंने इंजीनियरों और अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का विशेष रूप से पालन करने का निर्देश दिया ताकि भविष्य में यात्रियों को सुरक्षित और सुगम रेल सेवाएं मिल सकें।
सांसद डॉ. निशिकांत दुबे से की मुलाकात
निरीक्षण कार्यक्रम के पश्चात डीआरएम संग्रह मौर्य देर शाम भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे से मिलने उनके देवघर स्थित आवास 'शिव धाम' पहुंचे। इस दौरान दोनों के बीच रेलवे के विकास कार्यों और आगामी परियोजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822