रायबरेली में सदर कोतवाली पुलिस ने डिप्टी जेलर समेत तीन घरों में हुई चोरी का खुलासा किया है। पांच लाख के जेवर और नकदी के साथ तीन शातिर चोर गिरफ्तार। पढ़ें पूरी खबर।
रविशंकर सिंह, रायबरेली
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में सदर कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की कई वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने मंगलवार को लगभग पांच लाख रुपये कीमत के जेवर और छह हजार रुपये की नकदी बरामद करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी से शहर में तैनात एक डिप्टी जेलर के सरकारी/आवास समेत कुल तीन घरों में हुई चोरी की वारदातों का पर्दाफाश हुआ है।
सूने घरों को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह काफी शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देता था। आरोपी दिन में शहर के सूने पड़े घरों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही रात में ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
मामले का खुलासा करते हुए सीओ सदर आशीष निगम ने बताया कि शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने और खुलासे के लिए सदर कोतवाली प्रभारी शिव शंकर सिंह और सिविल लाइन चौकी प्रभारी कपिल सिंह चौहान के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। सघन चेकिंग और मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गल्ला मंडी के पास दबिश देकर तीन संदिग्ध युवकों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और आपराधिक इतिहास
पुलिस गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान शहर के इंदिरा गार्डन महानंदपुर निवासी अशरफ उर्फ बग्गड़, राजकीय कॉलोनी निवासी दीपक और गल्ला मंडी निवासी इकराम के रूप में हुई है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी अशरफ के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से ही 21 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इन वारदातों का हुआ खुलासा
सीओ सदर ने बताया कि पकड़े गए चोरों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने बीती 27 अगस्त की रात आचार्य द्विवेदी नगर स्थित प्रयागराज में तैनात एक महिला डिप्टी जेलर के घर को निशाना बनाया था। इसके अलावा आरोपियों ने नेहरू नगर और तिलक नगर मोहल्लों में भी चोरी की कई अन्य वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया है और विधिक कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822