पूर्व रेलवे में 'स्वच्छता ही सेवा-2026' अभियान के तहत 'नेकी की दीवार', 4-बिन कचरा पृथक्करण और सिंगल-यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। पढ़ें पूरी विस्तृत खबर

कंचन क्रांति न्यूज़, कोलकाता।

महाप्रबंधक, पूर्व रेलवे, श्रीमती गीतिका पांडेय के कुशल नेतृत्व में पूर्व रेलवे के हावड़ा, सियालदह, आसनसोल और मालदा सहित सभी चारों मंडलों तथा कांचरापाड़ा, लिलुआ और जमालपुर स्थित प्रमुख कार्यशालाओं में 'स्वच्छता ही सेवा-2026' अभियान के तहत साफ-सफाई और जागरूकता गतिविधियों को और तेज कर दिया गया है। “स्वच्छता में सहभाग: स्वच्छ भारत, विकसित भारत” की थीम पर आधारित इस अभियान के तहत सतत कचरा प्रबंधन, स्रोत स्तर पर चार प्रकार के कचरे के पृथक्करण, कम्पोस्टिंग, कपड़े के थैलों के उपयोग और प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों (PBCMs) के माध्यम से सिंगल-यूज प्लास्टिक के खात्मे पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

मालदा मंडल की पहल

मालदा मंडल द्वारा मालदा टाउन, भागलपुर, जमालपुर स्टेशनों और ट्रेनों में व्यापक स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाए गए। इस दौरान चार-बिन (4-Bin) कचरा पृथक्करण प्रणाली को बढ़ावा दिया गया, जिसमें गीले कचरे के लिए हरा, सूखे पुनर्चक्रण योग्य कचरे के लिए नीला, सैनिटरी कचरे के लिए पीला तथा अवशिष्ट कचरे के लिए काला रंग निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही, जरूरतमंदों को सामानों के पुनर्चक्रण और वितरण के लिए 'नेकी की दीवार' की पहल को भी प्रोत्साहित किया गया। जंगीपुर रोड सेक्शन में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता के लिए विशेष जल शुद्धीकरण अभियान भी चलाया गया।

हावड़ा मंडल में व्यापक जनभागीदारी

हावड़ा मंडल के स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों और कार्यशालाओं में “अब दो नहीं, चार” के मंत्र के साथ स्रोत पर चार प्रकार के कचरे का पृथक्करण, विकेंद्रीकृत जैव-कम्पोस्टिंग इकाइयों और बोतल क्रशिंग मशीनों का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। स्थानीय वेंडरों को कपड़े के थैले वितरित किए गए। गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) और स्वयं सहायता समूहों (SHGs) के सहयोग से घर-घर जाकर जागरूकता फैलाई गई और शून्य-कचरा सामुदायिक कार्यक्रमों के माध्यम से 'नेकी की दीवार' व RRR (Reduce, Reuse, Recycle) हब को मजबूत किया गया।

सियालदह मंडल: स्टेशनों, अस्पतालों और रेलवे कॉलोनियों में समुदाय की भागीदारी से कपड़े के थैलों एवं बोतल क्रशिंग मशीनों के उपयोग को बढ़ावा दिया गया। सीएसआर (CSR) के सहयोग से घरेलू एवं जैव-कम्पोस्टिंग तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार को प्रोत्साहित करने के लिए 'शून्य-कचरा पारंपरिक खेल कार्यक्रम' आयोजित किए गए।

आसनसोल मंडल: मधुपुर, जसीडीह, आसनसोल, सीतारामपुर और अंडाल की रेलवे कॉलोनियों में प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों (PBCMs) के संचालन के साथ घर-घर जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। निवासियों को उचित कचरा पृथक्करण की जानकारी दी गई और पर्यावरण-अनुकूल जूट के थैले वितरित किए गए।

      पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, श्री शिबराम माझी ने इस संबंध में कहा कि पूर्व रेलवे स्वच्छता को एक बार की गतिविधि के बजाय निरंतर जनआंदोलन बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। 'नेकी की दीवार', चार-बिन स्रोत कचरा पृथक्करण, कम्पोस्टिंग तथा सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग में कमी जैसी पहलों के माध्यम से हम रेलवे कर्मचारियों, यात्रियों और स्थानीय समुदायों को स्वच्छ एवं अधिक टिकाऊ रेलवे परिसरों के निर्माण में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। सामूहिक सहभागिता ही स्वच्छता को संस्थागत रूप देने की कुंजी है।

 ................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822