हजारीबाग के गिद्दी में शनिवार तड़के पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में दो अपराधी घायल हो गए, जिन्हें सदर अस्पताल भेजा गया है।



हजारीबाग। हजारीबाग जिले में शनिवार तड़के पुलिस को अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। गिद्दी थाना क्षेत्र स्थित पुराना कांटा घर के पास सुबह लगभग 4:00 बजे पुलिस और कुख्यात अपराधी राहुल दुबे के गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। इस कार्रवाई में पुलिस की जवाबी फायरिंग से दो अपराधी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।


पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की नीयत से गिद्दी के पुराना कांटा घर के पास जमा हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम ने तड़के इलाके में छापेमारी और घेराबंदी शुरू की। पुलिस टीम को देखते ही अपराधियों ने अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं।


आत्मरक्षा में पुलिस टीम की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में गिरोह के दो गुर्गे पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर पड़े। घायल अपराधियों की पहचान बादल कुमार और मोहित कुमार के रूप में हुई है।


मुठभेड़ के तुरंत बाद पुलिस ने दोनों घायल अपराधियों को हिरासत में लेते हुए इलाज के लिए हजारीबाग के सदर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां पुलिस निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।


घटनास्थल से पुलिस ने अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। वहीं, मौके से फरार हुए तीसरे अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।