लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक पिता ने अद्भुत साहस का परिचय देते हुए अपने आठ वर्षीय बेटे को तेंदुए के जबड़े से छुड़ा लिया। डिलारी थाना क्षेत्र के मलकपुर सेमली गांव के पास शुक्रवार दोपहर धान की रोपाई के दौरान गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने बच्चे पर हमला कर उसे जबड़े में दबोच लिया और खेत की ओर खींचकर ले जाने लगा। बेटे की चीख सुनते ही पिता बिना अपनी जान की परवाह किए तेंदुए से भिड़ गए और फावड़े से हमला कर उसे पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद तेंदुआ बच्चे को छोड़कर गन्ने के खेत में भाग गया।
घटना शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे की है। मलकपुर सेमली गांव निवासी किसान महेंद्र सिंह रामगंगा नदी के खादर क्षेत्र में स्थित अपने खेत में धान की रोपाई करने गए थे। उनके साथ उनका आठ वर्षीय बेटा आयुष भी था। काम के दौरान महेंद्र ने बेटे को खेत की मेड़ पर बैठा दिया और खुद रोपाई में जुट गए।
इसी दौरान पास के गन्ने के खेत से अचानक एक तेंदुआ निकला और आयुष पर झपट पड़ा। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, तेंदुए ने बच्चे को अपने जबड़ों में दबोच लिया और गन्ने के खेत की ओर खींचने लगा। आयुष की दर्दभरी चीख सुनते ही महेंद्र सिंह फावड़ा लेकर दौड़े और पूरी ताकत से तेंदुए पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से तेंदुआ घबरा गया और बच्चे को छोड़कर गन्ने के खेत में भाग निकला।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान भी मौके पर पहुंच गए। गंभीर रूप से घायल आयुष को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे के शरीर पर तेंदुए के हमले के गहरे घाव हैं, हालांकि समय रहते बचाव होने से उसकी जान बच गई।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि रामगंगा खादर क्षेत्र में पिछले कुछ समय से तेंदुओं की गतिविधियां लगातार बढ़ी हैं। उनका आरोप है कि तेंदुए अब तक सैकड़ों पालतू पशुओं का शिकार कर चुके हैं और 20 से अधिक लोगों पर हमला कर उन्हें घायल भी कर चुके हैं। इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं निकल सका है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी रवि कुमार गंगवार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आसपास के इलाके में तेंदुए की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। वन विभाग ने क्षेत्र का निरीक्षण कर ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले खेतों में छोटे बच्चों को न ले जाने की अपील की है।
