अरवल में 12 साल से गली का अतिक्रमण न हटने से नाराज युवक गले में जूते की माला और हाथों में बैनर लेकर समाहरणालय पहुंचा। जानें पूरा मामला और प्रशासन का आश्वासन।
अरवल। जिला समाहरणालय परिसर में सोमवार की दोपहर उस समय अफरा-तफरी और कौतूहल का माहौल बन गया, जब एक युवक गले में जूते की माला पहनकर प्रदर्शन करने पहुंच गया। युवक के हाथ में एक बैनर भी था, जिस पर सरकारी तंत्र की कार्यशैली और आम जनता के संघर्ष पर तीखे सवाल लिखे थे, "नागरिकों को सरकारी दफ्तरों में क्यों किया जाता है प्रताड़ित? आवेदन पर आवेदन, सुनवाई पर सुनवाई, तारीख पर तारीख, लेकिन समाधान शून्य क्यों?"
युवक की इस हालत को देख समाहरणालय में मौजूद लोग दंग रह गए। सूचना मिलने पर अधिकारियों ने युवक को एमडीएम कार्यालय बुलाया, जहां उसने अपनी पहचान वंशी प्रखंड के खड़ासिन गांव निवासी अनंत शर्मा उर्फ 'धरती पुत्र' के रूप में दी।
अनंत शर्मा ने बताया कि वर्ष 2014 से उसके घर के बगल वाली सार्वजनिक गली में कुछ दबंगों ने सीढ़ी बनाकर रास्ते का अतिक्रमण कर रखा है। इसके कारण आवागमन बाधित होता है। पिछले 12 सालों से वह बीडीओ, सीओ और जिला प्रशासन को लगातार आवेदन दे रहा है, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं निकाला गया।
यह पहली बार नहीं है जब अनंत शर्मा ने इस अनोखे तरीके से विरोध जताया है। इससे पहले वर्ष 2022 में भी उसने गले में जूते की माला पहनकर एक वीडियो बनाया था, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। उस समय तत्कालीन जिलाधिकारी कुमार गौरव ने मामले पर संज्ञान लेते हुए समस्या के त्वरित निष्पादन का आश्वासन दिया था। हालांकि, इतने वर्षों के बाद भी स्थिति जस की तस बनी रही, जिससे मजबूर होकर उसे दोबारा समाहरणालय का रुख करना पड़ा।
युवक की व्यथा सुनने के बाद अपर समाहर्ता (एडीएम) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने और जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाने का भरोसा दिलाया। एडीएम से ठोस कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद अनंत शर्मा वहां से वापस लौटा।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822