गयाजी में आज से शुरू हो रहे पितृपक्ष मेले 25 सितंबर से 10 अक्टूबर) की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 'पिंडदान गया जी' ऐप, 2500 बेड की टेंट सिटी, डिजिटल खोया-पाया सेवा और सुरक्षा के कड़े इंतजामों की पूरी जानकारी यहां पढ़ें। कंचन क्रांति न्यूज, गया।
मोक्ष प्राप्ति की भूमि गयाजी और पुनपुन में आज से विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेले का भव्य आगाज हो रहा है। 10 अक्टूबर तक चलने वाले इस महाकुंभ का उद्घाटन आज मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा। देश-विदेश से आने वाले लाखों पिंडदानियों की सुविधा के लिए इस बार पारंपरिक अनुष्ठानों के साथ-साथ डिजिटल तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। 'पिंडदान गया जी' मोबाइल ऐप और वेबसाइट के जरिए अब श्रद्धालुओं को पूजा-पाठ से लेकर ठहरने और यातायात तक की हर जानकारी महज एक क्लिक पर उपलब्ध होगी।
इस बार श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए विशेष रूप से लॉन्च किया गया ‘पिंडदान गया जी’ मोबाइल ऐप और वेबसाइट डिजिटल गाइड की भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से पिंडदान की वेदियों, धार्मिक अनुष्ठानों, पंडाजी के विवरण, आवासन, यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं की सटीक जानकारी एक क्लिक पर मिल सकेगी। श्रद्धालु मेले में पहुंचने से पहले ही ऑनलाइन पंजीकरण कर अपनी पूरी यात्रा की योजना आसानी से बना सकते हैं।
2500 बेड की भव्य टेंट सिटी
शहर में 2500 बेड की भव्य टेंट सिटी बसाई गई है। इसके अलावा होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशालाओं और सरकारी आवास की उपलब्धता की जानकारी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मिलेगी। रेलवे समय-सारणी, हवाई कनेक्टिविटी, प्रमुख मार्ग, पार्किंग स्थल, प्रीपेड ऑटो-टैक्सी और ई-रिक्शा के निर्धारित किराये की सूची इस ऐप पर उपलब्ध है। सबसे बड़ी बात यह है कि वृद्ध एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए 150 निशुल्क ई-रिक्शा चलाए जाएंगे, जो चांद चौरा चौक से विष्णुपद और विष्णुपद से बंगाली आश्रम तक चलेंगे। इसके साथ शौचालय, पेयजल केंद्र, स्वास्थ्य शिविर, पुलिस कैंप और 'मे आई हेल्प यू' काउंटरों पर एआई आधारित गूगल ट्रांसलेटर की व्यवस्था की गई है, जिससे भाषा की बाधा दूर होगी। साथ ही डिजिटल खोया-पाया केंद्र भी सक्रिय रहेगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मेला क्षेत्र को बेहतर और सुरक्षित प्रबंधन के लिए पांच जोन और 54 सेक्टरों में बांटा गया है। चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी, ड्रोन और वीडियो कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। स्वच्छता के लिए तीन पालियों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
दूसरी ओर, पुनपुन घाट पर भी पिंडदानियों के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यहां पांच हजार क्षमता वाले विशाल पंडाल का निर्माण किया गया है, जहां पूजा-अनुष्ठान के साथ-साथ पेयजल, शौचालय, सुरक्षा और परिवहन के विशेष प्रबंध किए गए हैं। इसके अतिरिक्त पर्यटन विभाग की ओर से विशेष पिंडदान पैकेज, ई-पिंडदान और फल्गु नदी के तट पर भव्य महाआरती का भी आयोजन प्रस्तावित है।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822