गया के बहुचर्चित दरोगा पुत्र रानू शेखर हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बिछी गांव के पास पुलिस मुठभेड़ में दो मुख्य आरोपियों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कंचन क्रांति न्यूज, गया।

गया में बहुचर्चित दरोगा पुत्र रानू शेखर हत्याकांड मामले में पुलिस ने शुक्रवार तड़के बड़ी कार्रवाई की है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बिछी गांव के पास पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में दो मुख्य आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी है।

घायलों की पहचान श्याम बिहारी उर्फ गौरव और काला के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार भी बरामद किए हैं। फिलहाल दोनों का इलाज पुलिस कस्टडी में अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल (ANMMCH) में चल रहा है। एसएसपी सुशील कुमार ने इस मुठभेड़ की आधिकारिक पुष्टि की है। गौरतलब है कि घायल आरोपी श्याम बिहारी के पिता नरेंद्र सिंह (जो रिटायर्ड दरोगा हैं) को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

क्या थी पूरी घटना?

बीती 19 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे, मानपुर के सिद्धार्थपुरी कॉलोनी स्थित नौरंगा आहर के पास अपराधियों ने दरोगा सुधांशु शेखर उर्फ पिंटू सिंह के दोनों बेटों को निशाना बनाया था। इस अंधाधुंध गोलीबारी में 30 वर्षीय रानू शेखर की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उनके बड़े भाई 32 वर्षीय मोनू शेखर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मोनू का इलाज फिलहाल पटना में चल रहा है। दुर्गा पूजा के दौरान नवमी के दिन हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में कोहराम मच गया था।

साजिश से जुड़े राज खुलने की उम्मीद

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई थी कि पुराने विवाद के चलते दोनों भाइयों को साजिश के तहत वहां बुलाया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गया पुलिस और एसटीएफ की टीमें लगातार छापेमारी कर रही थीं। इस मामले में पहले ही दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अब इस पुलिस मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद हत्याकांड की गहरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका से पर्दा उठने की पूरी उम्मीद है।

..........................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822