गोड्डा के हनवारा थाना क्षेत्र स्थित गेरुआ नदी में नहाने के दौरान डूबे 18 वर्षीय सोनी कुमार का शव 20 घंटे बाद नरोत्तमपुर पुल के समीप से बरामद हुआ। घटना से गोरगामा गांव में मातम पसरा है।
कंचन क्रांति न्यूज, गोड्डा।
महागामा प्रखंड अंतर्गत हनवारा थाना क्षेत्र के विश्वासखानी के समीप गेरुआ नदी में शनिवार को नहाने के दौरान तेज धार में बहकर लापता हुए युवक का शव करीब 20 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है। रविवार अहले सुबह नरोत्तमपुर गेरुआ नदी पुल के समीप ग्रामीणों और पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकाला।
मृतक की पहचान बसंतराय थाना क्षेत्र के गोरगामा गांव निवासी भारत मंडल के 18 वर्षीय पुत्र सोनी कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार को सोनी कुमार अपने दोस्तों के साथ गेरुआ नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान वह अचानक नदी की तेज धार की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी के तेज बहाव में बहकर आंखों से ओझल हो गया। दोस्तों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण एकत्र हुए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
रात भर चला खोजबीन अभियान
सूचना मिलते ही हनवारा एवं बसंतराय थाना की पुलिस परिजनों और ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंची। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण तलाश अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद पुलिस और ग्रामीणों की टीम पूरी रात खोजबीन में जुटी रही। अंततः रविवार सुबह नरोत्तमपुर पुल के पास से सोनी का शव बरामद हुआ।
शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। जवान बेटे का शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। कई परिजन सदमे के कारण बार-बार बेसुध हो रहे थे। घटना की सूचना पाकर राहा पंचायत की मुखिया सुशीला देवी भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और तत्काल 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
पुलिस की कार्रवाई और ग्रामीणों की मांग
हनवारा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर, ग्रामीणों ने बताया कि इन दिनों गेरुआ नदी का जलस्तर और बहाव काफी तेज है। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि नदी के खतरनाक घाटों को चिह्नित कर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और लोगों को जोखिम भरे स्थानों पर जाने से रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। सोनी कुमार की असमय मौत से गोरगामा गांव समेत पूरे इलाके में शोक है।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822