गोड्डा के पोड़ैयाहाट में अपनी सास की हत्या के मामले में सजा काट चुके युवक को ससुराल वालों ने बिजली के खंभे से बांधकर बुरी तरह पीटा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक की जान बचाई।

कंचन क्रांति न्यूज, गोड्डा।

पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के महुआटांड़ गांव में रविवार को एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ससुराल वालों ने एक युवक को बिजली के खंभे से बांधकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर युवक की जान बचाई और उसे उग्र भीड़ से निकालकर इलाज के लिए गोड्डा सदर अस्पताल में भर्ती कराया।

ममेरी बहन के घर आया था युवक, ससुराल वाले खींचकर ले गए

जानकारी के अनुसार, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के निपनिया गांव निवासी प्रकाश राय रविवार को किसी पुराने विवाद को लेकर अपनी ममेरी बहन के घर गया हुआ था। इसी दौरान उसके ससुराल पक्ष के लोग कुछ अन्य ग्रामीणों के साथ वहां पहुंचे और उसे जबरन पकड़कर महुआटांड़ गांव ले आए। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसे एक बिजली के खंभे से रस्सी से बांध दिया और लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी।

सास की हत्या के मामले में जेल जा चुका है पीड़ित

 स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक प्रकाश राय पूर्व में अपनी ही सास की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। वह हाल ही में अपनी सजा पूरी कर जेल से बाहर आया है। बताया जा रहा है कि इसी पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव चल रहा था।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना के संबंध में सुंदरपहाड़ी थाना प्रभारी विधान चंद्र पटेल ने बताया कि पीड़ित युवक निपनिया गांव का रहने वाला है। मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस फिलहाल घटना के मुख्य कारणों की जांच कर रही है और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। जांच के बाद दोषियों पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 .....................................................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822