मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने नालंदा दौरे पर प्राचीन धरोहर का अवलोकन किया और बीएलओ को लोकतंत्र की आधारशिला बताते हुए उनके काम की सराहना की।
कंचन क्रांति ब्यूरो, पटना/नालंदा।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार सोमवार को नालंदा दौरे पर पहुंचे। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ने बूथ लेवल अफसरों (BLO) के साथ सीधे संवाद में उन्हें 'लोकतंत्र की आधारशिला' बताया। उन्होंने मतदाता सूची सत्यापन, पोलिंग एजेंटों की भूमिका और चुनाव-पुनरीक्षण प्रक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा की।
बिहार में चलाए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि महज एक महीने के भीतर एसआईआर पूरा करना एक बड़ी उपलब्धि है। बिहार के बीएलओ के समर्पण ने न केवल राज्य, बल्कि पूरे देश को राह दिखाई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र को मजबूत करना सिर्फ आयोग की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। संवाद में मौजूद बीएलओ ने भी भरोसा जताया कि वे निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था और लोकतंत्र की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करते रहेंगे।

विरासत को सामने देखना गर्व की बात
उन्होंने विश्व प्रसिद्ध प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के भग्नावशेषों का भ्रमण कर भारत के गौरवशाली इतिहास को करीब से जाना और नालंदा संग्रहालय का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि इतिहास में नालंदा के बारे में काफी पढ़ा था, लेकिन इसकी विरासत को सामने देखना गर्व की बात है। इसके अवशेष बताते हैं कि हजारों वर्ष पहले भारत में शिक्षा, ज्ञान और संस्कृति कितनी उन्नत थी।
नालंदा के शैक्षणिक गौरव को याद करते हुए उन्होंने कहा कि यह विश्व के सबसे पुराने आवासीय विश्वविद्यालयों में से एक रहा है, जहां चीन के यात्री ह्वेनसांग और इत्सिंग समेत देश-विदेश से विद्वान आते थे।
..........................................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822