मधुबनी के बेनीपट्टी-रहिका एसएच 52 पर रविवार सुबह बेकाबू स्कॉर्पियो की चपेट में आने से तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। पढ़ें पूरी खबर।


मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। रविवार की अलसुबह बेनीपट्टी-रहिका मुख्य पथ (एसएच 52) पर जगदम्बा पेट्रोल पम्प के समीप एक बेकाबू स्कॉर्पियो ने मॉर्निंग वॉक से लौट रही महिलाओं को कुचल दिया। इस भीषण दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।


जानकारी के मुताबिक, बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के नवटोली (धकजरी) गांव की छह महिलाओं का एक समूह हर रोज की तरह रविवार सुबह भी मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था। सुबह करीब 5:30 बजे जब महिलाएं टहलने के बाद सड़क किनारे से वापस अपने घर लौट रही थीं, तभी जगदंबा पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रही एक अनियंत्रित काले रंग की स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और बुरी तरह कुचलते हुए फरार हो गई।


हादसे में जान गंवाने वाली तीनों महिलाएं नवटोली गांव की ही रहने वाली थीं। मृतकों में रीता देवी (42 वर्ष), पति पच्चू शाह, किरण देवी (40 वर्ष), पति राजू महतो, फूलदाई देवी (70 वर्ष), पति स्व. अरुण झा शामिल हैं।


एक ही गांव की तीन महिलाओं की अचानक हुई मौत की खबर जैसे ही नवटोली (धकजरी) पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया। मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन हो चुका है।


घटना से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने जगदम्बा पेट्रोल पंप के पास शवों को सड़क पर रखकर बेनीपट्टी-रहिका मुख्य पथ (एसएच 52) को पूरी तरह जाम कर दिया है। उग्र लोग फरार चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवारों के लिए उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।


सड़क जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर करीब एक-एक किलोमीटर तक गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।


हादसे और हंगामे की सूचना मिलते ही बेनीपट्टी थाना पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधि घटनास्थल पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। फिलहाल पुलिस और जनप्रतिनिधि आक्रोशित लोगों एवं परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराने और जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं। क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।