धनबाद के मैथन में एनएच पर तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे दो कंटेनर चालकों को रौंद दिया। हादसे में राजस्थान निवासी दोनों चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस जांच में जुटी है।


मैथन । राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिंह बस्ती के समीप गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान राजस्थान के रहने वाले दो कंटेनर चालकों के रूप में हुई है।


स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों चालक सुबह सड़क किनारे स्थित एक दुकान पर चाय पीने गए थे। चाय पीने के बाद जब वे वापस अपने वाहन की ओर लौटने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर रहे थे, तभी कोलकाता की दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित स्विफ्ट कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों चालकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

दुर्घटना के तुरंत बाद स्विफ्ट कार में सवार सभी लोग वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही मैथन थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर थाने पहुंचा दिया है।


फिलहाल मैथन पुलिस फरार कार चालक और उसमें सवार लोगों की पहचान व तलाश में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतकों के परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822