कतरास-राजगंज फोरलेन के निचितपुर लिंक लाइन रेलवे फाटक के पास तेज रफ्तार कार दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद जलकर खाक हो गई। एयरबैग खुलने से चालक समेत तीन लोगों की जान बची। जानिए पूरी खबर।
कतरास। कतरास-राजगंज फोरलेन मार्ग पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गुरुवार देर रात करीब 1 बजे निचितपुर लिंक लाइन रेलवे फाटक के समीप बोकारो से राजगंज की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क के एक तरफ बंद हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ ही देर में उसमें आग लग गई। देखते ही देखते कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
हादसे के वक्त कार में चालक समेत कुल तीन लोग सवार थे। टक्कर के तुरंत बाद कार का एयरबैग खुल गया, जिसके कारण वाहन में सवार तीनों लोगों की जान बाल-बाल बच गई। हालांकि, इस भीषण दुर्घटना में तीनों लोग गंभीर रूप से चोटिल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत निचितपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया।
दुर्घटना और कार में आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम तुरंत हरकत में आई। दमकल वाहन ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद कतरास पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को क्रेन की मदद से सड़क किनारे हटवाया, जिससे यातायात सुचारू हो सका। इस हादसे के कारण मार्ग पर करीब दो घंटे तक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि निचितपुर रेलवे फाटक के पास का रास्ता काफी संकरा है। इसके अलावा फाटक के एक तरफ सड़क बंद रहने के कारण ड्राइवरों को अक्सर अंदाजा नहीं मिल पाता है, जिसके कारण यहां आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते रहते हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से इस खतरनाक मोड़ और बंद सड़क की समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की जानलेवा घटनाओं को रोका जा सके।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822