नारायणपुर के दुलाडीह गांव के पास अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार मामी-भांजा को मारी टक्कर। गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद SNMMCH धनबाद रेफर किया गया।


नारायणपुर ।: पांडेयडीह-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर नारायणपुर थाना क्षेत्र के दुलाडीह गांव के पास शनिवार की रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार मामी और भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, नारायणपुर थाना क्षेत्र के टोपाटांड गांव निवासी प्रमोद मोहली की 35 वर्षीया पत्नी पूरनी देवी अपने 20 वर्षीय भांजे तरुण मोहली के साथ किसी काम से नारायणपुर थाना आई थीं। काम निपटाकर दोनों बाइक से वापस अपने घर टोपाटांड लौट रहे थे। इसी दौरान दुलाडीह गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी।


टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक समेत सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार होने में कामयाब रहा। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को उठाकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नारायणपुर पहुंचाया।


सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, पूरनी देवी की स्थिति अत्यंत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए SNMMCH (शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल) धनबाद रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर अज्ञात ट्रक की तलाश में जुट गई है।



सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822